कौशांबी. कौशांबी के एक गांव के बच्चों की मासूम अपील ने प्रशासन का ध्यान खींच लिया. 10 साल के अश्वनी राव ने अपने दोस्तों के साथ वीडियो बनाकर डीएम से कहा, “DM अंकल, हमारे गांव में एक भी स्ट्रीट लाइट नहीं है. अंधेरे में डर लगता है, लाइट लगवा दीजिए.” बच्चों ने बताया कि गांव के चारों तरफ खेत हैं और रात में जंगली जानवरों का डर रहता है. वीडियो सामने आने के कुछ ही घंटों बाद प्रशासन ने गांव में स्ट्रीट लाइटें लगवा दीं.
इसे भी पढ़ें- यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा दावा, SP से 150 सीटों पर होगी बात; अखिलेश होंगे CM फेस
हाथ जोड़कर बच्चों ने लगाई गुहार
करारी थाना क्षेत्र के चक अहमदीपुर गांव में सोमवार रात अश्वनी ने दोस्तों के साथ वीडियो बनाया. हाथ जोड़कर बच्चों ने डीएम से गांव में रोशनी की व्यवस्था कराने की अपील की. इसके बाद उन्होंने छोटी टॉर्च की रोशनी में गांव के वे पोल भी दिखाए, जिन पर स्ट्रीट लाइट नहीं लगी थी. बच्चों की चिंता और मासूम अंदाज में की गई अपील ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा.
रात में खेतों के बीच अंधेरे का डर
अश्वनी कक्षा चार का छात्र है. उसने वीडियो में बताया कि अंधेरा होने के बाद बच्चे घरों से बाहर निकलने में डरते हैं. गांव के आसपास खेत होने के कारण जंगली जानवरों का खतरा भी रहता है. बच्चों की यही परेशानी वीडियो में सामने आई, जिसके बाद मामला डीएम अमित कुमार पाल तक पहुंचा.
डीएम ने अफसरों को गांव भेजा
वीडियो मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे वायरल हुआ. जानकारी मिलते ही डीएम ने जिला पंचायतराज अधिकारी और खंड विकास अधिकारी को गांव भेजकर स्थिति का सर्वे कराया. इसके बाद कर्मचारियों ने उसी शाम पोल पर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम शुरू कर दिया. रात करीब 9 बजे तक गांव में चार लाइटें लगा दी गईं.
इसे भी पढ़ें- गजब! बीजेपी विधायक से ही मांग लिया 25 लाख का रिश्वत, LDA कर्मचारी हिरासत में
30 सोलर लाइटों का प्रस्ताव, पहली रोशनी मिली
पंचायत सचिव संदीप सिंह के मुताबिक गांव की आबादी करीब 1000 है और इसे आदर्श गांव के रूप में चुना गया है. यहां 30 सोलर लाइटें प्रस्तावित हैं, लेकिन शासन से धनराशि नहीं मिलने के कारण अभी तक लाइटें नहीं लग पाई थीं. चार लाइटें लगने के बाद बच्चों ने डीएम को धन्यवाद दिया. अश्वनी ने कहा, “थैंक्यू डीएम अंकल.”


