लखनऊ. बीजेपी विधायक अनिल सिंह से मकान फ्री-होल्ड कराने के नाम पर 25 लाख रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के कर्मचारी राज किशोर दुबे को पुलिस ने हिरासत में लिया है. यह कार्रवाई LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर की गई. आरोपी एलडीए में चौकीदार के पद पर तैनात बताया जा रहा है.
मकान फ्री-होल्ड कराने के नाम पर रकम मांगने का आरोप
मामला अलीगंज स्थित एक मकान को फ्री-होल्ड कराने से जुड़ा है. आरोप है कि राज किशोर दुबे ने यह काम करवाने के एवज में बीजेपी विधायक अनिल सिंह से 25 लाख रुपये की मांग की. मामले की जानकारी मिलने के बाद एलडीए सचिव एसपी सिंह ने कर्मचारी को तलब किया.
वीसी के सामने पेश किया गया कर्मचारी
पूछताछ के बाद आरोपी कर्मचारी को एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार के सामने पेश किया गया. शुरुआती जांच के बाद वीसी ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया. इसके बाद एलडीए के सेक्शन अफसर दिनेश शुक्ला ने गोमतीनगर थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी.
गोमतीनगर पुलिस कर रही पूछताछ
गोमतीनगर थाने के अतिरिक्त प्रभारी पंकज कुमार के मुताबिक, पुलिस को तहरीर मिली है और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रिश्वत की कथित मांग किस परिस्थिति में की गई और इसमें कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं. मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें- राज्यसभा चुनाव में अखिलेश का सरप्राइज, धनराज नथवानी को बनाया उम्मीदवार, जानें कौन हैं?
LDA में पहले भी सामने आए रिश्वत के मामले
LDA में इससे पहले भी रिश्वतखोरी के मामले सामने आ चुके हैं. जानकारी के मुताबिक, एक अगस्त को LDA के एक जेई, सुपरवाइजर और एक अन्य व्यक्ति को कार्यालय में रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया था. आरोप था कि इन्होंने एक शिकायत पर कार्रवाई की धमकी देकर शिकायतकर्ता से 15 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी. अब विधायक से 25 लाख रुपये मांगने के आरोप ने एक बार फिर LDA की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं.
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें


