लखनऊ. उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने बुधवार (30 सितंबर 2026) को अपने दूसरे उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर सियासी हलचल बढ़ा दी. सपा ने रिलायंस इंडस्ट्रीज से जुड़े कारोबारी और गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष धनराज परिमल नथवानी को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है. उनके साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने भी नामांकन दाखिल किया. दोनों ने अखिलेश यादव की मौजूदगी में पर्चा भरा.
इसे भी पढ़ें- नोएडा एयरपोर्ट से अकासा एयर की नई उड़ानें, 1 अक्टूबर से कोलकाता-बेंगलुरु की सीधी फ्लाइट
रिलायंस से जुड़े हैं धनराज नथवानी
धनराज नथवानी रिलायंस इंडस्ट्रीज में ग्रुप प्रेसिडेंट हैं और कंपनी की विभिन्न कारोबारी गतिविधियों से जुड़े रहे हैं. वह गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं. उनकी प्रोफाइल के मुताबिक, उन्होंने नरेंद्र मोदी स्टेडियम से जुड़े निर्माण कार्य में भी भूमिका निभाई है. धनराज के पिता परिमल नथवानी रिलायंस इंडस्ट्रीज से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी और झारखंड से राज्यसभा सांसद हैं. जून 2026 में उन्होंने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली थी.
तीसरे उम्मीदवार पर अभी सस्पेंस
सपा तीसरा उम्मीदवार उतारने की तैयारी भी कर रही है. हालांकि, बुधवार तक पार्टी ने तीसरे नाम का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है. मीडिया रिपोर्टों में पूर्व आईएएस अधिकारी आलोक रंजन और पूर्व केंद्रीय मंत्री सलीम इकबाल शेरवानी समेत कुछ नामों की चर्चा है.
कांग्रेस प्रवक्ता ने साधा निशाना
धनराज नथवानी को उम्मीदवार बनाए जाने पर कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सीपी राय ने सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख को किसी पार्टी कार्यकर्ता को राज्यसभा भेजना चाहिए था और आरोप लगाया कि पार्टी नेतृत्व को आम जनता के बजाय बड़े कारोबारियों की चिंता है. सपा के इस फैसले को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की व्यापक राजनीतिक रणनीति से जोड़कर भी देखा जा रहा है.
इसे भी पढ़ें- हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, जनरल कटऑफ पार करने वाले आरक्षित अभ्यर्थी स्क्रीनिंग में ही होंगे अनारक्षित
यूपी की 10 सीटों पर होना है चुनाव
उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए 16 अक्टूबर को चुनाव प्रस्तावित है. विधानसभा में मौजूदा संख्या के आधार पर बीजेपी नेतृत्व वाला गठबंधन आठ सीटों तक जीतने की स्थिति में है, जबकि सपा दो सीटें निकाल सकती है. सपा ने फिलहाल रामगोपाल यादव और धनराज नथवानी को उम्मीदवार बनाया है.
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें


