नोएडा. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई कनेक्टिविटी बढ़ने जा रही है. अकासा एयर 1 अक्टूबर से कोलकाता और बेंगलुरु के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू करेगी. दोनों शहरों के लिए बुकिंग शुरू हो चुकी है. फिलहाल बेंगलुरु के लिए इंडिगो भी नोएडा एयरपोर्ट से उड़ान संचालित कर रही है. नई उड़ानों से त्योहारी सीजन और आने वाले विंटर शेड्यूल में यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा.
इसे भी पढ़ें- झांसी में पिंडदान बना मातम, पिता को बचाने नदी में उतरे बेटे समेत 4, पांचों की डूबकर मौत
कोलकाता के लिए सुबह की फ्लाइट
अकासा एयर की कोलकाता जाने वाली फ्लाइट सुबह 10:30 बजे नोएडा एयरपोर्ट से रवाना होगी और दोपहर 12:50 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेगी. वापसी में फ्लाइट दोपहर 1:30 बजे कोलकाता से उड़ान भरकर 3:50 बजे नोएडा एयरपोर्ट पहुंचेगी.
बेंगलुरु के लिए दोपहर में उड़ान
बेंगलुरु रूट पर भी अकासा एयर नई सेवा शुरू करेगी. बेंगलुरु से सुबह 7 बजे उड़ान रवाना होकर सुबह 9:45 बजे नोएडा एयरपोर्ट पहुंचेगी. वहीं, नोएडा से शाम 4:30 बजे उड़ान भरकर रात 7:20 बजे बेंगलुरु पहुंचने का शेड्यूल है.
अहमदाबाद-पुणे के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट
अकासा एयर यात्रियों को अहमदाबाद और पुणे के लिए भी कनेक्टिंग फ्लाइट की सुविधा देगी. इससे नोएडा एयरपोर्ट से इन शहरों की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए कनेक्टिविटी के विकल्प बढ़ेंगे. एयरलाइन त्योहारी सीजन और सर्दियों के दौरान अपने नेटवर्क में नए शहर जोड़ने की तैयारी कर रही है.
इसे भी पढ़ें- आप भी तो नहीं खा रहे नकली दवा! आगरा में बड़ा जखीरा पकड़ा, केटोरॉल-एलेग्रा समेत कई दवाएं बरामद
मुंबई की दोपहर वाली फ्लाइट बंद होगी
नई उड़ानों के साथ अकासा एयर अपने मौजूदा शेड्यूल में भी बदलाव करेगी. 1 अक्टूबर से नोएडा एयरपोर्ट से मुंबई जाने वाली दोपहर 2:05 बजे की फ्लाइट बंद कर दी जाएगी. कोलकाता और बेंगलुरु की नई सेवाओं के शुरू होने के बाद नोएडा एयरपोर्ट से देश के प्रमुख शहरों के बीच हवाई संपर्क और बढ़ने की उम्मीद है.


