झांसी. जिले के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार (29 सितंबर) दोपहर पिंडदान के दौरान बड़ा हादसा हो गया. सुखनई नदी में एक ही परिवार के पांच लोग डूब गए. हादसे में पिता-पुत्र, भतीजे और भांजे समेत पांच लोगों की मौत हो गई. करीब 30 मिनट तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गोताखोरों ने सभी के शव नदी से बाहर निकाले.
इसे भी पढ़ें- UP में मानसून की विदाई शुरू, कुशीनगर में बांध टूटने से 20 हजार लोग प्रभावित; इन 7 जिलों में बारिश का अलर्ट
पिंडदान के बाद नदी में पूजा करने उतरे थे
देवीसिंह पुरा निवासी अनूप तिवारी (45) अपने बेटे अर्पित (12), भांजे पुष्कर शुक्ला (23), भतीजे अभिनय तिवारी (26) और श्रेयांश तिवारी (21) के साथ सुखनई नदी के किनारे पिंडदान करने पहुंचे थे. पूजा के दौरान अनूप नदी में उतर गए. नदी के बीच पहुंचते ही वह गहरे पानी में डूबने लगे.
बचाने के लिए नदी में उतरे चारों परिजन
अनूप को डूबता देखकर अर्पित, पुष्कर, अभिनय और श्रेयांश उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद गए. देखते ही देखते पांचों लोग गहरे पानी में डूब गए. हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी.
गोताखोरों ने 30 मिनट में निकाले पांचों शव
सूचना मिलते ही रानीपुर चौकी और मऊरानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर नदी में तलाश शुरू कराई. करीब 30 मिनट के रेस्क्यू के बाद पांचों लोगों को एक-एक कर बाहर निकाला गया. सभी को एंबुलेंस से सीएचसी मऊरानीपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
इसे भी पढ़ें- आप भी तो नहीं खा रहे नकली दवा! आगरा में बड़ा जखीरा पकड़ा, केटोरॉल-एलेग्रा समेत कई दवाएं बरामद
परिवार को आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया शुरू
मऊरानीपुर सीओ रत्नेश कुमार ने बताया कि परिवार पिंडदान के लिए नदी पर आया था. पूजा के दौरान अनूप डूबने लगे और उन्हें बचाने की कोशिश में चार अन्य लोग भी नदी में उतर गए. सभी की डूबने से मौत हुई. एसडीएम मनोज कुमार भारती ने बताया कि प्रशासन ने मृतकों के परिवार को आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. 24 से 48 घंटे में सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा.


