मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. समाजवादी पार्टी से निष्कासित गोसाईगंज विधायक अभय सिंह 14 अक्टूबर को आधिकारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी में शामिल होंगे. अमेठी के गौरीगंज में आयोजित भव्य कार्यक्रम में भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी और उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी की मौजूदगी में अभय सिंह पार्टी की सदस्यता लेंगे. इस कार्यक्रम को पूर्वांचल की सियासत के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है.
इसे भी पढ़ें- ‘हार पचा नहीं पा रहे राहुल…’ मंत्री कपिल देव अग्रवाल का सीधा हमला, चुनाव आयोग वाले बयान पर घेरा
सूत्रों के मुताबिक अभय सिंह पिछले कई महीनों से भाजपा नेतृत्व के संपर्क में थे और लगातार पार्टी के कार्यक्रमों व मंचों पर दिखाई दे रहे थे. अब उनके आधिकारिक प्रवेश से अयोध्या मंडल में भाजपा को बड़ी मजबूती मिलने की उम्मीद है. सदस्यता से एक दिन पहले अभय सिंह ने कहा कि वह वर्तमान में गोसाईगंज से विधायक हैं, इसलिए इस सीट पर उनका दावा बनता है. हालांकि, उन्होंने सधे अंदाज में यह भी कहा कि भाजपा एक अनुशासित पार्टी है और नेतृत्व जो फैसला करेगा, वही सर्वमान्य होगा.
सपा पर रामचरितमानस को लेकर बड़ा हमला
भाजपा में आस्था जताते हुए अभय सिंह ने समाजवादी पार्टी पर तीखा प्रहार किया. उन्होंने कहा कि सपा ने रामचरितमानस जलाने जैसी घटना का प्रभावी विरोध नहीं किया, जो हिंदू आस्था पर सीधी चोट है. उन्होंने कहा कि भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास’ की नीति पर चलकर गरीब, मजदूर, किसान सहित सभी वर्गों के लिए काम करती है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली की जमकर तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा नेतृत्व समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं को पहुंचाने में विश्वास रखता है.
इसे भी पढ़ें- ये डर नहीं तो और क्या! जंतर-मंतर को ‘प्रोटेस्ट साइट’ की सूची से हटाने पर अखिलेश ने सरकार को घेरा, हार करार देते हुए दिया बड़ा बयान
अयोध्या सीट पर एक लाख वोटों से जीत का दावा
अभय सिंह ने अयोध्या विधानसभा सीट को लेकर बड़ा दावा ठोक दिया. उन्होंने कहा कि अयोध्या में भाजपा के सिंबल पर लड़ने वाला प्रत्याशी कम से कम 25 हजार वोटों से चुनाव जीतेगा. अगर प्रत्याशी मजबूत हुआ तो जीत का अंतर एक लाख वोटों तक पहुंच सकता है. उनके इस दावे के बाद 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अयोध्या में सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं.

