मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा अपने अयोध्या दौरे के दौरान संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक में शामिल हुए. इस दौरान व्यापार मंडल ने संगठन विस्तार कार्यक्रम के बीच दिवंगत व्यापारी नेता नंदू गुप्ता को श्रद्धांजलि अर्पित की. प्रदेश अध्यक्ष ने अयोध्या के विकास, प्रदेश की कानून-व्यवस्था, समाजवादी पार्टी के PDA फॉर्मूले और डिजिटल लेनदेन (UPI) पर MDR शुल्क जैसे ज्वलंत मुद्दों पर व्यापार मंडल का रुख स्पष्ट किया.

​विकास का स्वागत, लेकिन व्यापारियों को उजाड़कर नहीं

​14 कोसी परिक्रमा मार्ग समेत शहर में चल रहे चौड़ीकरण व विकास कार्यों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल विकास का विरोधी नहीं है. 14 कोसी परिक्रमा मार्ग बनने से कनेक्टिविटी बढ़ेगी, जिससे श्रद्धालु और पर्यटक आएंगे और अंततः व्यापार को ही लाभ मिलेगा. लेकिन यह विकास व्यापारियों को उजाड़कर नहीं होना चाहिए. ​उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रभावित व्यापारियों के लिए पहले समुचित वैकल्पिक स्थान और दुकानों के पुनर्वास की व्यवस्था की जाए, उसके बाद ही विकास कार्य आगे बढ़ाए जाएं.

इसे भी पढ़ें- साध्वी प्राची बोलीं- अवैध मस्जिद-मदरसे और मजारों पर चले बुलडोजर, खुदाई होगी तो कहीं शिव निकलेंगे और कहीं शव

​UPI पर MDR शुल्क का विरोध

केंद्र सरकार द्वारा UPI लेन-देन पर MDR (मर्चेंट डिस्काउंट रेट) शुल्क लगाए जाने के निर्णय का व्यापार मंडल ने कड़ा विरोध किया. उन्होंने कहा कि व्यापारियों ने डिजिटल इंडिया को अपनाकर UPI को वैश्विक रिकॉर्ड तक पहुंचाया है. अब MDR लगने से व्यापारी दोबारा नकद (Cash) लेनदेन की ओर लौटने पर मजबूर होंगे.​ सरकार का तर्क है कि ₹2,000 से नीचे के 94% लेन-देन निशुल्क रहेंगे, लेकिन धीरे-धीरे इसे सभी पर लागू कर दिया जाएगा, जिसका अंतिम बोझ उपभोक्ताओं पर ही पड़ेगा.​ इस फैसले के विरोध में पूरे प्रदेश में सांसदों को ज्ञापन सौंपा जा रहा है. 4 तारीख को शाम 4 बजे देश के 29 राज्यों के व्यापारिक संगठनों की ज़ूम (Zoom) मीटिंग होगी, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी.

कानून-व्यवस्था की तारीफ

​प्रदेश की योगी सरकार की सराहना करते हुए मुकुंद मिश्रा ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था में अभूतपूर्व सुधार किया है. पहले जहां यूपी की तुलना बिहार की स्थिति से की जाती थी, वहीं आज देश भर में यहां के लॉ एंड ऑर्डर की मिसाल दी जाती है. सुरक्षित माहौल से प्रदेश में व्यापार और निवेश बढ़ा है.

इसे भी पढ़ें- अवधेश-इमरान ने SIR पर EC को घेरा, ज्ञानेश कुमार को लेकर दिया बड़ा बयान

​सपा के PDA फॉर्मूले पर तीखा हमला

​समाजवादी पार्टी के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले पर कड़ा विरोध जताते हुए उन्होंने कहा कि सपा PDA के नाम पर समाज और व्यापारियों को जातियों में बांटने का काम कर रही है. उन्होंने कहा, व्यापार में PDA लाना ओछी मानसिकता है. हमारे लिए फुटपाथ पर बैठने वाला मोची भी उतना ही बड़ा व्यापारी है, जितना किसी शोरूम का मालिक. नाई, मोची या हलवाई सभी व्यापारी भाई-भाई हैं. राजनीतिक दल अपनी राजनीति करें, लेकिन व्यापारिक क्षेत्र में जातिगत विभाजन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. व्यापारी सर्वजन हित की बात करने वालों के साथ हैं.