अनूप मिश्रा, बहराइच. भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मोतीपुर पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है. संयुक्त टीम ने बुधवार को एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लाखों रुपये कीमत की स्मैक बरामद की है.

इसे भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी से भाजपा का असली चेहरा बेनकाब, 2027 में जनता देगी जवाब : अखिलेश यादव

जानकारी के अनुसार, मोतीपुर थाना प्रभारी ब्रह्मा गोंड के नेतृत्व में उप निरीक्षक अनिल यादव, बृजानंद, आरक्षी विक्रांत तथा एसएसबी के जवान भारत-नेपाल सीमा से सटे पड़रिया चौराहा के पास बुधवार को चेकिंग अभियान चला रहे थे. इसी दौरान एक बाइक सवार युवक पुलिस टीम को देखकर अचानक अपनी बाइक मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा.

संदेह होने पर पुलिस और एसएसबी की टीम ने घेराबंदी कर युवक को रोक लिया और उसकी तलाशी ली. तलाशी के दौरान बाइक में छिपाकर रखी गई 237 ग्राम स्मैक बरामद हुई. बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 20 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान इसरार पुत्र करामत अली, निवासी ग्राम मेढकिया पौंडा, थाना मोतीपुर, जनपद बहराइच के रूप में हुई है. पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बाइक को भी कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है.

इसे भी पढ़ें- KGMU में नॉन-वेज बैन पर सियासी घमासान, सपा ने बताया ‘तुगलकी फरमान’, भाजपा बोली- यह विश्वविद्यालय का फैसला

थाना प्रभारी मोतीपुर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में न्यायालय भेजा जा रहा है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम द्वारा लगातार निगरानी और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि नशे के कारोबार में लिप्त तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके.