लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उसकी प्रशासनिक अक्षमता ने उत्तर प्रदेश को पिछड़ा और बीमारू प्रदेश बना दिया है। विकास का ढोल पीटने वाली भाजपा सरकार की अधिकांश योजनाएं भ्रष्टाचार की शिकार हो गई हैं। एक्सप्रेस-वे बन रहे हैं, लेकिन सड़कें धंस रही हैं और हर तरफ लूट, झूठ और चोरी का चक्र चल रहा है।

भाजपा पर बोला हमला

बुधवार को पार्टी की तरफ से जारी बयान में अखिलेश यादव ने कहा कि अयोध्या और राम मंदिर को लेकर भाजपा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर तक विकास के बड़े-बड़े दावे किए, लेकिन उसके कुकृत्यों के कारण राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी का काला दाग लग गया है। चढ़ावा, चंदा और दान में कथित अनियमितताओं के सामने आने के बाद भाजपा, आरएसएस और विश्व हिन्दू परिषद के नेताओं के काले कारनामों से जनता परिचित हो चुकी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जनता का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा के नेता बचकाने बयानबाजी कर रहे हैं, लेकिन इससे जनता में उनके प्रति आक्रोश और बढ़ रहा है। भाजपा की नकारात्मक राजनीति और संकीर्ण सोच अब जनता के सामने उजागर हो चुकी है।

READ MORE: चिकित्सा केवल पेशा नहीं बल्कि सेवा, संवेदना और राष्ट्रनिर्माण का पवित्र माध्यम : राज्यपाल आनंदीबेन पटेल

भाजपा की डबल इंजन सरकार हर मोर्चे पर विफल

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। किसान समय से खाद, बीज और कीटनाशक नहीं मिलने से परेशान हैं। उन्हें फसलों की लागत का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है, जबकि पूंजीपतियों को संरक्षण दिया जा रहा है। महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं और निवेश के नाम पर केवल जुमलेबाजी की जा रही है।

READ MORE: 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दे रही यूपी सरकार, 47 लाख नए लाभार्थियों को जोड़ा जाएगा: मनोज पांडेय

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि राम मंदिर न्यास के नाम पर अपने लोगों को स्थापित कर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया गया और आस्थावानों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया गया। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा और उसके सहयोगी संगठनों के इन कथित कृत्यों को भूलेगी नहीं।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार से ऊब चुकी प्रदेश की जनता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प ले चुकी है।