अनूप मिश्रा, बहराइच. जनपद के रानीपुर थाना क्षेत्र के अचोलिया गांव में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. बदमाश छत के रास्ते घरों में दाखिल हुए और अलमारी-बक्सों के ताले तोड़कर करीब 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 35 हजार रुपये नगद लेकर फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है.
इसे भी पढ़ें- राम मंदिर से 2027 तक… दिल्ली में क्या पक रही है सियासी खिचड़ी? अमित शाह से योगी की मुलाकात ने बढ़ाई हलचल
जानकारी के अनुसार अचोलिया गांव निवासी हरीशंकर सिंह और विवेक सिंह अपने-अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे. इसी दौरान देर रात करीब दो से तीन बजे के बीच चोर छत के रास्ते दोनों घरों में घुस आए. घर में रखी अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर उनमें रखे कीमती जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया. पीड़ित परिवार के मुताबिक चोरी हुए सामान में सोने की सात अंगूठियां, कान के झुमके, चेन, मंगलसूत्र, पायल समेत अन्य कीमती आभूषण शामिल हैं. चोरी गए जेवरों की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है, जबकि 35 हजार रुपये नगद भी बदमाश अपने साथ ले गए.
इसे भी पढ़ें- सोनम वांगचुक के समर्थन में आप का बड़ा ऐलान, 20 जुलाई को यूपी के हर जिले में सड़क पर उतरेगी पार्टी
मंगलवार सुबह जब परिजनों की नींद खुली और सामान बिखरा हुआ देखा तो घटना की जानकारी हुई. इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी. पीड़ितों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और चोरों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले के जल्द खुलासे के लिए जांच तेज कर दी गई है.

