अनूप मिश्रा, बहराइच. पयागपुर थाना क्षेत्र के इन्द्रापुर के पास गुरुवार को स्कूली बस और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पयागपुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.

इसे भी पढ़ें- अच्छे दिन आ गए! 12 हजार करोड़ खर्च करने के बाद भी 61 हजार फर्श पर बैठकर कर रहे पढ़ाई, चंद्रशेखर आजाद ने CM योगी को घेरा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के शेखापुर देवरिया गांव निवासी रामदेव यादव (पुत्र दुःखी यादव) पयागपुर सब्जी मंडी में पल्लेदारी करते थे. गुरुवार को मंडी में काम समाप्त करने के बाद वह अपनी बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान पयागपुर क्षेत्र के इन्द्रापुर के पास सामने से आ रही स्कूल बस संख्या ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि रामदेव सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.

इसे भी पढ़ें- अखिलेश यादव ने भाजपा पर साधा निशाना: बोले- ‘इस बार घड़ा नहीं, टैंकर फूटेगा’, जानें पूरा मामला

हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. ग्रामीणों और पुलिस की मदद से एंबुलेंस बुलाकर घायल युवक को सीएचसी पयागपुर पहुंचाया गया. हालांकि, चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पयागपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी. हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है.