संजय तिवारी, बलिया. रिटायरमेंट के बाद मिली जमा पूंजी को तीन साल में दोगुना करने और हर महीने ब्याज देने का लालच देकर एक बुजुर्ग से 11 लाख रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है. पीड़ित ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर मामले में न्याय की गुहार लगाई है.

बता दें कि गड़वार थाना क्षेत्र के अमदौर गांव निवासी राम सुमेर राम, जो 2014 में सेवानिवृत्त हुए थे. उन्होंने बताया कि उनके भाई के साढ़ू का बेटा कई दिनों तक उनके घर आता-जाता था. इसी दौरान उसने एक कंपनी में पैसा निवेश करने की सलाह दी. उसने भरोसा दिलाया कि निवेश की रकम तीन साल में दोगुनी हो जाएगी और हर महीने ब्याज भी मिलता रहेगा.

इसे भी पढ़ें- कांग्रेस मजबूती से चुनाव लड़ेगी और…अजय राय ने 2027 विधानसभा इलेक्शन के लिए कर दिया बड़ा दावा, जानिए ऐसा क्या बोल गए

पीड़ित के मुताबिक, भरोसे में आकर उन्होंने पारिवारिक दबाव के बीच कंपनी के नाम पर 11 लाख रुपये का चेक जारी कर दिया. उनका कहना है कि पूरा लेन-देन बैंक खाते के माध्यम से हुआ था. कंपनी की ओर से उन्हें एडवांस चेक भी दिया गया, लेकिन वह चेक बैंक में लगाने पर बाउंस हो गया.

राम सुमेर राम ने बताया कि मामले को लेकर वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय भी पहुंचे थे, जहां से उन्हें कोर्ट जाने की सलाह दी गई. अब उन्होंने जिलाधिकारी से मिलकर कार्रवाई की मांग की है. जिलाधिकारी ने मामले को देखने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

इसे भी पढ़ें- प्रेमानंद महाराज के आश्रम में जाने के लिए 5 करोड़ रुपये? फलाहारी महाराज के बयान पर Virat Kohli ने आखिरकार तोड़ी चुप्पी, जानिए क्या कहा

पीड़ित का कहना है कि चेक बाउंस की घटना को काफी समय बीत चुका है, जिसके कारण अब कानूनी कार्रवाई में भी दिक्कत आ रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि करीब दस साल से संबंधित व्यक्ति से उनका संपर्क नहीं हो पा रहा है और वह फोन भी नहीं उठा रहा है. बुजुर्ग ने अपनी मेहनत की कमाई वापस दिलाने और मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.