मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय आज अपना जन्मदिन मनाने के लिए काशी से रामनगरी अयोध्या पहुंचे. अयोध्या पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले श्री राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा अर्चना की. इसके बाद वह हनुमानगढ़ी पहुंचे जहां उन्होंने भगवान हनुमंत लला का आशीर्वाद लिया और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की.
इसे भी पढ़ें- ‘BJP का ऐतिहासिक अंत होगा’, भाजपा नेता का वीडियो शेयर कर अखिलेश यादव ने का करारा तंज, जानिए ऐसा क्यों कहा?
दर्शन पूजन के बाद अजय राय ने कहा कि जन्मदिन के अवसर पर रामनगरी आकर भगवान श्री राम के दर्शन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है. उन्होंने कहा कि भगवान राम की कृपा से ही उन्हें जनता की सेवा करने की शक्ति मिलती है और उनका एकमात्र उद्देश्य जनता के बीच रहकर उनकी सेवा करना है.
प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर अजय राय ने कहा कि यह पूरी तरह से कांग्रेस पार्टी और नेतृत्व का निर्णय है. पार्टी ने उन्हें जितना समय और जो जिम्मेदारी दी, उन्होंने पूरी ताकत, निष्ठा और ईमानदारी के साथ उसका निर्वहन किया. उन्होंने कहा कि वह पार्टी के हर फैसले का सम्मान करते हैं और आगे भी पार्टी के एक सिपाही के तौर पर कांग्रेस को मजबूत करने का काम करते रहेंगे. आज व्यक्तिगत विषय से ऊपर उठकर देश और राष्ट्र की बात करने की जरूरत है और उनका पूरा ध्यान कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर है.
इसे भी पढ़ें- ‘कांग्रेस अब 2017 वाली नहीं, 2027 वाली है’, इमरान मसूद ने सपा से सीट बंटवारा जल्द तय करने को कहा
वहीं 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर अजय राय ने बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में लगातार मजबूत हो रही है, कार्यकर्ताओं में नया जोश है और जनता का भरोसा कांग्रेस की तरफ लौट रहा है. 2027 में कांग्रेस मजबूती से चुनाव लड़ेगी और प्रदेश में सरकार बनाएगी. गठबंधन को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि गठबंधन पर अंतिम निर्णय कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व लेगा, फिलहाल सभी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में पूरी मजबूती से पार्टी को मजबूत करने में लगे हुए हैं. अंत में उन्होंने कहा कि भगवान राम की कृपा सभी पर बनी रहे, वह जीवन भर जनता की सेवा करते रहें, पार्टी को मजबूत करते रहें और समाज में प्यार और मोहब्बत बांटते रहें.

