लखनऊ. अखिलेश यादव ने एक भाजपा नेता का वीडियो शेयर किया है, जिसमें भाजपा नेता अपने पार्टी के कामकाज और रवैये से नाखुश नजर आ रहे हैं, जिसे लेकर अखिलेश यादव ने भाजपा पर करारा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि अब तो भाजपा से भाजपाइयों के ही मोहभंग के वीडियो सरेआम हो रहे हैं. भाजपा ने अपना विश्वास और जनाधार पूरी तरह खो दिया है. जो लोग सच में अपने देश से प्यार करते हैं अब उनकी वैमनस्यपूर्ण धर्मांन्धता की काली रात गुज़र गई है और विवेकशील पुनर्जागरण का एक नया सवेरा उनके मानसिक-अंधकार को मिटा कर नयी चेतना का नया प्रकाश और सौहार्दपूर्ण नवजागरण ला रहा है.
इसे भी पढ़ें- ‘कांग्रेस अब 2017 वाली नहीं, 2027 वाली है’, इमरान मसूद ने सपा से सीट बंटवारा जल्द तय करने को कहा
आगे अखिलेश यादव ने कहा कि अब तो भाजपाई भी समझ गए हैं कि भाजपा किसी की सगी नहीं है. भाजपा में न सरकार का कोई मतलब है, न संगठन का. भाजपा एकाधिकारी मन और एकाकी मानसिकता से पूरी तरह ग्रसित है. इसमें किसी और के लिए कोई स्थान नहीं है. सच तो ये है कि जहां स्थान ही नहीं मिलेगा, वहां मान-सम्मान कैसे मिलेगा. भाजपा में न तो किसी मामले में किसी की सलाह ली जाती है और न ही किसी निर्णय में किसी को शामिल किया जाता है.
अखिलेश यादव ने कहा कि अपने दी दल में ही घोर उपेक्षित भाजपाई अब एक-दूसरे से दुखी होकर कह रहे हैं कि भाजपा ने हमें बुरी तरह से निचोड़कर, इस तरह बर्बाद कर दिया है कि अब हमारी तुलना पूरी तरह रस निकाले जा चुके गन्ने की उस खोई से भी नहीं की जा सकती है, जिसे देखकर हाथी भी मुंह मोड़ लेता है.
इसे भी पढ़ें- बिना लाल टोपी के दिखे अखिलेश यादव, सपा नेताओं ने शेयर की तस्वीर; सोशल मीडिया पर छाया नया लुक
उन्होंने ये भी कहा कि दरअसल भाजपाइयों की अपने ही दल में हो रही दुर्दशा इससे भी ज़्यादा गई-गुजरी है क्योंकि अपनी विघटनकारी दक़ियानूसी मानसिकता के कारण वो न तो बदलते हुए प्रगतिशील समाज का सामना कर पा रहे हैं, न ही अपने घरों में प्रोग्रेसिव-पॉज़िटिव सोचवाली नई पीढ़ी का. बेचारे भाजपाई तो किसी भी घाट के नहीं रहे. हमें ऐसे ‘बिन घाट के भाजपाइयों’ से बेहद सहानुभूति है. सच तो ये है कि अपने अंतिम दौर में चल रहे भाजपाई भी अंदर से टूट गए हैं और भाजपा भी. भाजपा का अंत ऐतिहासिक होगा.

