अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली। जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत 92 वर्ष पुराने बजरंगबली मंदिर को प्रशासन द्वारा हटा दिया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों की भावनाएं आहत हुईं, लेकिन एक माह के भीतर उसी स्थान पर मंदिर के पुनर्निर्माण के आश्वासन के बाद लोगों ने राहत महसूस की।

मंदिर समिति और निर्माण कंपनी के बीच लिखित सहमति हुई है। इसके अनुसार, सड़क चौड़ीकरण कार्य में मंदिर और एक नाली बाधक बन रहे थे। निर्णय लिया गया कि मंदिर में स्थापित हनुमान जी की मूर्ति को अस्थायी रूप से मंदिर के सामने एक चबूतरे पर विधिवत स्थापित किया जाएगा।

जल्द बनाया जाएगा मंदिर

पुराने मंदिर के स्थान पर ही नया मंदिर बनाया जाएगा। प्रस्तावित मंदिर की लंबाई 32 फीट और चौड़ाई 8 फीट होगी, जिसमें पुजारी कक्ष भी शामिल रहेगा। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद मूर्ति की पुनः विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा कराई जाएगी।

READ MORE: CM योगी आज करेंगे कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक, सभी डीएम-एसपी और कमिश्नर होंगे शामिल, मोहर्रम और नीट परीक्षा भी होगी चर्चा

क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र

मंदिर के पुजारी श्याम सुंदर तिवारी ने बताया कि यह मंदिर लगभग 92 वर्ष पुराना था और क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों ने अधिकारियों के सामने मंदिर को उसी स्थान और स्वरूप में बनाए जाने की मांग रखी थी। अधिकारियों ने एक माह के भीतर मंदिर का निर्माण पूरा कराने का आश्वासन दिया है।

READ MORE: ट्रिपल मर्डर से दहला प्रयागराज, घर के बाहर सो रहे एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्ममता से हत्या

पुजारी श्याम सुंदर तिवारी ने यह भी बताया कि पहले 10 दिन और फिर 15 दिन का समय मांगा गया था, लेकिन कार्य पूरा नहीं हो सका था। अब अधिकारियों ने एक माह के भीतर मंदिर निर्माण पूरा कराने का भरोसा दिया है। आश्वासन मिलने के बाद मंदिर समिति और स्थानीय लोग फिलहाल संतुष्ट हैं और निर्माण कार्य पूरा होने का इंतजार कर रहे हैं।

मंदिर समिति के सदस्यों, स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मांग की है कि मंदिर का पुनर्निर्माण उसी स्थान और स्वरूप में कराया जाए, जहां वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी रही है। इस दौरान बड़ी संख्या में मंदिर समिति के सदस्य, स्थानीय नागरिक और श्रद्धालु मौजूद रहे।