अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. जिले के बलुआ थाना क्षेत्र के चहनिया बाजार में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क पर दौड़ रही एक सवारी ऑटो में अचानक आग लग गई. ऑटो से धुआं और आग की लपटें उठती देख उसमें सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया. अपनी जान बचाने के लिए यात्रियों ने आनन-फानन में ऑटो से कूदकर किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने का प्रयास किया. गनीमत रही कि घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है.
इसे भी पढ़ें- कथावाचक नहीं, ढोंगी पाखंडी व्यापारी! धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ लगाए गए विवादित होर्डिंग, भगवान राम और कृष्ण का जिक्र कर जो लिखा…
जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक सवारियों को लेकर चहनिया बाजार से चंदौली की ओर जा रहा था. इसी दौरान बाजार के बीच सड़क पर चलते ऑटो में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग की लपटें तेज होने लगीं. वाहन में आग लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. लोग किसी तरह ऑटो से उतरकर सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे. घटना के दौरान बाजार में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
ऑटो से आग की लपटें निकलती देख आसपास मौजूद दुकानदार और स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंच गए. उन्होंने सूझबूझ का परिचय देते हुए पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया. स्थानीय लोगों की तत्परता से आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया.
इसे भी पढ़ें- 27 में सनातन सपा को करेगा साफ! बागेश्वर धाम पर सपा प्रमुख की टिप्पणी से भड़के रामा दल ट्रस्ट अध्यक्ष, दे डाली चेतावनी
प्रारंभिक तौर पर ऑटो में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. घटना के बाद यात्रियों के सुरक्षित बचने पर लोगों ने राहत की सांस ली. इस घटना ने सवारी वाहनों की नियमित तकनीकी जांच और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.

