अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. वार्ड नंबर-3 स्थित पासवान बस्ती एवं नई बस्ती आवास की महिलाओं ने मंगलवार को स्मार्ट मीटर के विरोध में बिजली विभाग कार्यालय का घेराव किया. लगभग 100 की संख्या में पहुंची महिलाओं ने प्रदर्शन करते हुए आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल में भारी बढ़ोतरी हो रही है, जिससे गरीब परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना था कि वे मजदूरी, झाड़ू-पोछा और बर्तन धोकर किसी तरह परिवार का पालन-पोषण करती हैं, लेकिन स्मार्ट मीटर लगने के बाद हर महीने हजारों रुपये का बिजली बिल आ रहा है. महिलाओं ने मांग की कि स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर दोबारा लगाए जाएं और बकाया बिजली बिल माफ किया जाए.

इसे भी पढ़ें- तो क्या प्रधानमंत्री की अपील केवल गैर-भाजपाई भारत के लिए है या..? हरीश रावत का हमला, पूछे तीखे सवाल

आसरा आवास की रहने वाली संगीता गिरी ने कहा कि इतना ज्यादा बिजली बिल आ रहा है कि हम लोग बच्चों का खर्च चलाएं या बिजली बिल भरें. बीच महीने में ही अमाउंट बढ़ जाता है. हम गरीब लोग इतना पैसा कहां से लाएं? स्मार्ट मीटर हटाकर पुराना मीटर लगाया जाए और पुराना बिल माफ किया जाए.

वार्ड नंबर-3 आलू मील नई बस्ती की निवासी सासो ने कहा कि हम लोग मजदूरी करके परिवार चलाते हैं. इतना ज्यादा बिजली बिल भरना संभव नहीं है. नया मीटर हटाकर पुराना मीटर लगाया जाए और बकाया बिल माफ किया जाए. आश्रय आवास योजना की लाभार्थी गीता ने भी स्मार्ट मीटर को लेकर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि बिल जमा न कर पाने के कारण कई लोगों की बिजली काट दी जा रही है, जिससे गरीब परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

इसे भी पढ़ें- NTA ने रद्द की नीट यूजी परीक्षा, सरकार पर भड़के यशपाल आर्य, कहा- करोड़ों युवाओं के सपनों के साथ क्रूर मजाक

मामले को लेकर अधीक्षण अभियंता जसमीर सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा प्रीपेड मीटरों को पोस्टपेड में बदला जा रहा है. अब उपभोक्ताओं को हर महीने एसएमएस और व्हाट्सएप के माध्यम से बिल भेजा जाएगा, जिसे नियत तिथि के भीतर जमा किया जा सकेगा.

उन्होंने बताया कि पुराने बकाये को जमा करने के लिए सरकार ने 10 किस्तों की सुविधा भी दी है। स्मार्ट मीटर की कई बार जांच कराई गई है और अब तक तेज चलने की कोई शिकायत सही नहीं पाई गई है। उन्होंने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता को अधिक बिल की शिकायत है तो वह विभागीय कार्यालय में संपर्क कर सकता है। साथ ही 15 तारीख से विशेष कैंप लगाए जाएंगे, जहां बिल, मीटर और लोड से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाएगा.