अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक एवं बिहार के पूर्व मंत्री Mukesh Sahani की अगुवाई में चंदौली स्थित द ग्रीन पार्क होटल में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया. सम्मेलन में जिलेभर से पहुंचे सैकड़ों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया. इस दौरान मुकेश सहनी ने भाजपा और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद पर जमकर निशाना साधा.

इसे भी पढ़ें- कौशांबी में बड़ा हादसा: गंगा नदी में नहाने गए 4 लड़के डूबे, दो को बचाया गया, दो लापता

मुकेश सहनी ने कहा कि वह पिछले 11 वर्षों से उत्तर प्रदेश में निषाद आरक्षण की लड़ाई लड़ रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि इसी संघर्ष के कारण भाजपा ने बिहार में उनके विधायकों को तोड़ने का काम किया. संजय निषाद हों या मुकेश सहनी, कोई भी नेता अपने दम पर नहीं बना है, बल्कि निषाद समाज के समर्थन से ही नेता बना है. साल 2016 में पहली बार वह उत्तर प्रदेश आए थे और 2021 में मजबूती से संगठन खड़ा करने का काम शुरू किया. इसके बाद संजय निषाद भाजपा के साथ चले गए.

सहनी ने आरोप लगाया कि भाजपा अब संजय निषाद की “राजनीतिक हत्या” करने की तैयारी में है और 2027 के चुनाव तक उन्हें राजनीतिक रूप से किनारे कर दिया जाएगा. वीआईपी प्रमुख ने घोषणा करते हुए कहा कि उनकी पार्टी उत्तरप्रदेश में संगठन को तेजी से मजबूत कर रही है और आगामी विधानसभा चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ा जाएगा. उन्होंने संजय निषाद को “बड़ा भाई” बताते हुए कहा कि उन्हें समाज के हक और अधिकार की लड़ाई लड़नी चाहिए.

इसे भी पढ़ें- ब्राह्मण समाज पर अभद्र टिप्पणी करने वाले सपा प्रवक्ता पर एक और केस दर्ज, परशुराम परिषद ने नोएडा में की शिकायत

मुकेश सहनी ने ऐलान किया कि वीआईपी पार्टी 25 जुलाई से 101 दिनों की जनजागरण यात्रा शुरू करेगी. उन्होंने संजय निषाद को चुनौती देते हुए कहा कि यदि वह छह महीने के भीतर भाजपा से निषाद समाज के लिए आरक्षण नहीं दिला पाते हैं तो भाजपा छोड़कर इंडिया गठबंधन में शामिल हो जाएं. उन्होंने यह भी कहा कि वे हमारे भी नेता रहेंगे. आगामी चुनाव में उनकी पार्टी को जितनी भी सीटें मिलेंगी, उनमें 90 प्रतिशत टिकट निषाद समाज के लोगों को दिए जाएंगे. उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा का उद्देश्य जनता की भलाई नहीं, बल्कि केवल सत्ता हासिल करना है.