अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. शुक्रवार की देर रात शहाबगंज थाना क्षेत्र के पखनपुर गांव में मुहर्रम के अवसर पर निकाले जा रहे ताजिया जुलूस के दौरान पुरानी दुश्मनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया. जुलूस के बीच शुरू हुई मामूली कहासुनी देखते ही देखते दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष में बदल गई. दोनों पक्ष एक ही समुदाय से संबंधित बताए जा रहे हैं. घटना में धारदार हथियारों और लाठी-डंडों का इस्तेमाल हुआ, जिससे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
इसे भी पढ़ें- ‘हर तरफ लूट मची है’, महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा पर बरसे अखिलेश यादव, CM योगी पर भी दिया तीखा बयान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ताजिया जुलूस शांतिपूर्वक अपने निर्धारित मार्ग से गुजर रहा था. इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में बहस शुरू हो गई. कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई और धारदार हथियार भी चलने लगे. अचानक हुई हिंसा से जुलूस में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई. घटना की जानकारी मिलते ही शहाबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया. पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया तथा गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया.
इसे भी पढ़ें- मां, बेटा और मौत का खौफनाक मंजरः बेटे की डिमांड पर कुछ सामान लेने गया युवक, वापस आया तो पत्नी और बच्चे की मिली लाश
अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि झड़प की वजह पुरानी रंजिश है, जो मुहर्रम के जुलूस के दौरान फिर से सामने आ गई. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. हमले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.

