अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. कोतवाली क्षेत्र के हनुमानपुर अहीरान बस्ती में शुक्रवार देर रात मां और उसके दो वर्षीय मासूम बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली. दोनों की मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मां की लाशकमरे में फंदे से लटकी मिली, जबकि दो वर्षीय बेटा घर के अंदर मृत अवस्था में पड़ा था. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.

इसे भी पढ़ें- साथ जी नहीं, मर तो सकते हैं… एक ही फंदे से लटके मिले प्रेमी-प्रेमिका के शव, परिजनों में मचा कोहराम

परिजनों के अनुसार, प्रिया की शादी वर्ष 2022 में अजय पटेल से हुई थी. वह एक दिन पहले ही मायके से अपने ससुराल हनुमानपुर अहीरान लौटी थी. बताया गया कि जीटी रोड चौड़ीकरण के दौरान अजय पटेल की पान की दुकान टूट गई थी, जिसके बाद वह खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे. शुक्रवार को अजय पटेल अपने बेटे की मांग पर कुछ लेने के लिए बाहर गए थे. जब वह वापस घर लौटे तो पत्नी प्रिया का शव फंदे से लटका मिला, जबकि मासूम युवराज मृत अवस्था में पड़ा था. यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए.

इसे भी पढ़ें- भ्रष्टाचार के कुछ नमूनों को देखना हो तो… लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे को लेकर अखिलेश यादव पर बरसे OP राजभर, जानिए ऐसा क्या कहा?

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस का कहना है कि मां-बेटे की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है.