लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को प्रतापगढ़, सुल्तानपुर और वाराणसी के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह प्रतापगढ़ और सुल्तानपुर में कुल 1,200 करोड़ रुपये से अधिक की 210 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। साथ ही विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था और लोक निर्माण विभाग की परियोजनाओं की समीक्षा भी करेंगे।

मुख्यमंत्री का पहला पड़ाव प्रतापगढ़ होगा, जहां वह राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 384 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 111 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वह जनसभा को संबोधित कर प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं और उपलब्धियों पर प्रकाश डालेंगे।

READ MORE: राम मंदिर ट्रस्ट ने जारी किया वीडियो, दान की हुई स्वर्ण जड़ित रामचरितमानस समेत सभी 2800 वस्तुएं सुरक्षित

इसके बाद मुख्यमंत्री सुल्तानपुर पहुंचेंगे। यहां कलेक्ट्रेट सभागार में अयोध्या मंडल के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के लंबित एवं प्रगति पर चल रहे कार्यों की समीक्षा करेंगे तथा नई परियोजनाओं की कार्ययोजना पर अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद वह सुल्तानपुर और इसौली विधानसभा क्षेत्रों में 819 करोड़ रुपये से अधिक की 99 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक एवं प्रशस्ति पत्र भी वितरित किए जाएंगे।

READ MORE: राम मंदिर ट्रस्ट ने किए चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे स्वीकार, कृष्ण मोहन बने कार्यवाहक महासचिव

सुल्तानपुर के बाद मुख्यमंत्री वाराणसी पहुंचेंगे। सर्किट हाउस में वह शहर के विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद बाबा कालभैरव मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। वाराणसी प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ के पुत्र के वैवाहिक समारोह में भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री वाराणसी सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे।