कासगंज। आंधी और बारिश ने एक परिवार को उजाड़ कर रख दिया। जहां शनिवार तड़के तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश के कारण एक मकान का लेंटर भरभरा कर गिर गया। इस हादसे में पति, पत्नी और एक मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चे घायल हो गए। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल
यह पूरा मामला जिले के सिढ़पुरा थाना क्षेत्र स्थित शेखूपुरा गांव का है। जहां, तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश के कारण शनिवार तड़के एक पुराने मकान की लैंटर वाली छत अचानक गिर गई। हादसे में वीरभान (25), उनकी पत्नी नीलम (26) और दो वर्षीय पुत्री काव्या की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
READ MORE: ‘भाजपा देश में निष्पक्ष चुनाव नहीं होने दे रही…’, सपा ने BJP पर बोला हमला, कहा- ये हारेंगे तभी देश और संविधान बचेगा
प्रशासन ने दिया मदद का आश्वासन
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने राहत कार्य चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। कासंगज पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलने पर डीएम कासगंज और पुलिस अधीक्षक ने मौके का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

