अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. चंदासी में पुलिस चौकी निर्माण को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद गुरुवार को एक बार फिर सामने आ गया. निर्माण कार्य शुरू होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन करते हुए काम रुकवा दिया. इससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई.

इसे भी पढ़ें- भाजपा का ‘धांधली’ वाला ‘सुशासन’! महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में बड़ी गड़बड़ी, परीक्षा देने के बाद भी छात्रों को दर्शा रहे Absent, सरकार ‘निकम्मी’ या सिस्टम?

ग्रामीणों का आरोप है कि जिस भूमि पर चौकी का निर्माण किया जा रहा है, वह पंचायत भवन की है और ग्रामीण लंबे समय से उसका उपयोग कर रहे हैं. प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से निर्माण कार्य तुरंत रोकने की मांग की. उनका कहना था कि यह निर्माण ग्रामवासियों की आपत्तियों और सहमति के बिना हो रहा है.

दूसरी ओ, प्रशासन ने ग्रामीणों के दावों को खारिज कर दिया है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संबंधित भूमि चौकी निर्माण के लिए पहले से आवंटित है. उन्होंने कहा कि यदि किसी पक्ष के पास निर्माण रोकने का कोई वैध आदेश है, तो उसे प्रस्तुत किया जाए, क्योंकि बिना आधिकारिक आदेश के सरकारी कार्य नहीं रोका जा सकता. प्रशासन ने यह भी बताया कि निर्माण शुरू होने के बाद कुछ लोगों ने विरोध प्रदर्शन कर काम में बाधा डालने की कोशिश की. स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया और लोगों को समझाने का प्रयास किया गया.

इसे भी पढ़ें- ‘गद्दार’ पर जुबानी वार! राहुल गांधी के बयान पर केशव मौर्य का पलटवार, राजनीति में ‘अर्बन नक्सलवाद’ बताते हुए दिया बड़ा बयान

मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि शांति व्यवस्था प्रभावित होने और निर्माण कार्य रुकवाने की कोशिश की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी. उन्होंने पुष्टि की कि लिखित अभिलेखों के अनुसार, यह भूमि चौकी निर्माण के लिए ही आवंटित है. पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की है और बिना अनुमति विरोध प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है. चौकी निर्माण को लेकर बढ़ते इस विवाद के बीच अब सभी की निगाहें प्रशासन और ग्रामीणों के अगले कदम पर टिकी हैं. क्षेत्र में फिलहाल पुलिस निगरानी बनाए हुए है.