अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में सरकारी विभागों में टेंडर दिलाने के नाम पर 1.53 करोड़ रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है. पीड़ित व्यापारी अशोक कुमार जायसवाल ने निखिल कुमार चटर्जी पर रेलवे, सीआईएसएफ समेत अन्य सरकारी संस्थानों में ठेका दिलाने का भरोसा देकर रकम लेने और धोखाधड़ी करने का गंभीर आरोप लगाया है.
इसे भी पढ़ें- योगी जी, यही हैं अच्छे दिन! 500 रुपये में बिक रही 266 की यूरिया, चंद्रशेखर ने सरकार को घेरते हुए दिया बड़ा बयान
पीड़ित के मुताबिक, आरोपी ने सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल के माध्यम से टेंडर और ऑर्डर दिलाने का आश्वासन दिया था. इसके लिए कथित तौर पर फर्जी ऑर्डर तैयार किए गए और सरकारी अधिकारियों के नाम से ईमेल भेजकर विश्वास में लिया गया. इसी आधार पर अलग-अलग समय में उनसे करीब 1.53 करोड़ रुपये लिए गए. बाद में न तो उन्हें बताए गए टेंडर मिले और न ही उनकी रकम वापस की गई.
पीड़ित का कहना है कि इस मामले में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है. इससे परेशान होकर उन्होंने एक बार फिर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई है. साथ ही मुख्यमंत्री से भी शिकायत कर कथित ठगी की रकम वापस दिलाने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
इसे भी पढ़ें- सारा अली खान के केदारनाथ जाने पर भड़के मौलाना शहाबुद्दीन! बताया ‘खुदा की बारगाह में मुजरिम’, मचा बवाल
मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी सदर विक्रम दहिया के नेतृत्व में पांच सदस्यीय विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई है. सीओ डीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है. एसआईटी विभिन्न पहलुओं पर साक्ष्य जुटा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

