अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. बाबुरी थाना क्षेत्र के मैनपुर गांव में शुक्रवार की सुबह मंदिर में तोड़फोड़ किए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. असामाजिक तत्वों ने ईंट-पत्थर से मंदिर में स्थापित भगवान गणेश और भगवान शिव की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया. सुबह दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे ग्रामीणों ने प्रतिमाएं खंडित देखीं तो शोर मचाकर आसपास के लोगों को जानकारी दी. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए. ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने मंदिर का निरीक्षण कर घटना की जांच शुरू कर दी.
इसे भी पढ़ें- मोहब्बत के लिए मौत से खिलवाड़ः प्रेमिका के लिए नदी पर बने रेलवे ब्रिज पर चढ़ा युवक, कूदने की धमकी देकर किया हाईवोल्टेज ड्रामा, फिर…
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में देर शाम शराब के नशे में कुछ लोग आए दिन हंगामा करते हैं. इसी वजह से ग्रामीणों को आशंका है कि शराब के नशे में किसी असामाजिक तत्व ने मंदिर में घुसकर प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त किया होगा. हालांकि, प्रतिमाओं को किसने और किस वजह से खंडित किया, इसका अभी पता नहीं चल सका है.
इसे भी पढ़ें- योगी आदित्यनाथ जी याद रखें…. पंचायत सहायकों के प्रदर्शन को लेकर सांसद चंद्रखेशर का बड़ा बयान, सरकार को दे डाली खुली चेतावनी
सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई है. मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है. ग्रामीणों ने पुलिस से मंदिर में तोड़फोड़ करने वाले आरोपियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.



