लखनऊ. पंचायत सहायकों के प्रदर्शन को लेकर नगीना सांसद चंद्रखेशर आजाद रावण की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की सरकार पंचायत सहायकों की आवाज़ को अनसुना करना बंद करे. लखनऊ के ईको गार्डन में प्रदेशभर से आए पंचायत सहायक अपने हक़, सम्मान और भविष्य की सुरक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं. मानदेय बढ़ाने, सेवा संबंधी समस्याओं का समाधान, नौकरी की सुरक्षा और अपनी अन्य जायज़ मांगों को लेकर वे लगातार आंदोलनरत हैं.

इसे भी पढ़ें- सहारनपुर मस्जिद ध्वस्तीकरण मामले में आज होगी सुनवाई, वर्शिप एक्ट को दरकिनार करने का आरोप

आगे चंद्रशेखर ने ये भी कहा कि सबसे दर्दनाक तस्वीर यह है कि भारी बारिश और तपती दोपहर में हमारी बहनें पेड़ों के नीचे तिरपाल के सहारे रहने को मजबूर हैं. रात होने के बाद भी उनका संघर्ष नहीं थमता. अपने हक़ की आवाज़ बुलंद करने के लिए उन्हें ईको गार्डन के अंदर कैंडल मार्च निकालना पड़ रहा है. दूसरी तरफ प्रशासन उनकी समस्याएँ सुनने के बजाय उन्हें वहाँ से हटाने पर आमादा है.

इसे भी पढ़ें- ‘पीछे चलने वाले नहीं, रास्ता बनाने वाले बनो’ पंकज चौधरी का बड़ा बयान, बोले- ‘नैरेटिव फॉलोअर नहीं, नैरेटिव सेटर बनिए’

उन्होंने ये कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी याद रखें, बारिश में भीगते हुए और अंधेरी रात में मोमबत्तियां लेकर न्याय मांग रहे पंचायत सहायकों की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता. अगर जल्द ही पंचायत सहायकों की जायज़ मांगों पर ठोस और सम्मानजनक फैसला नहीं लिया गया, तो मैं स्वयं लखनऊ के ईको गार्डन पहुंचकर पंचायत सहायकों के बीच बैठूंगा.

आगे चंद्रशेखर ने कहा कि जरूरत पड़ी तो उनके साथ वहीं दिन-रात रहूंगा भी. बारिश हो, तपती दोपहर हो या अंधेरी रात, अपने हक़ के लिए संघर्ष कर रही हमारी बहन-बेटियों को अकेला नहीं छोड़ेंगे. यूपी सरकार आंदोलनकारियों को हटाने की कोशिश बंद करे, उनकी मांगें सुने और तत्काल समाधान निकाले.