भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं से नैरेटिव फॉलोअर नहीं बल्कि नैरेटिव सेटर बनने का आह्वान किया. सोशल मीडिया कार्यशाला में विपक्ष के दुष्प्रचार का तथ्यात्मक जवाब देने और डिजिटल माध्यमों को जनसंवाद का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया.
सतीश सिंह, लखनऊ. भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि हमें नैरेटिव फॉलोअर नहीं, बल्कि नैरेटिव सेटर बनना है. विपक्ष नकारात्मक वातावरण बनाने का काम करता है, ऐसे में उसका प्रभावी जवाब सत्य और तथ्य के आधार पर देना होगा.
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जिस प्रकार बूथ पर और हर घर तक विचारधारा, पार्टी के कार्यक्रम व अभियान तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ पहुंचेंगे, उसी सजगता और प्रतिबद्धता के साथ सोशल मीडिया के प्रत्येक प्लेटफार्म पर संगठन को सक्रिय रहना होगा.
गुरुवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में सोशल मीडिया विभाग की तरफ से आयोजित प्रदेश कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि विपक्ष के पास झूठ, भ्रम और अफवाहों का एजेंडा है, जबकि भाजपा के पास लोकप्रिय एवं दूरदर्शी नेतृत्व, लोककल्याणकारी योजनाएं और लोकमंगल की भावना से प्रेरित विचारधारा है. कार्यकर्ताओं को इन उपलब्धियों और विचारों को प्रभावी ढंग से समाज के सामने रखना होगा.
क्विक रिस्पॉन्स टीम बने
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया वारियर्स को मुस्तैदी से विपक्ष के झूठे नैरेटिव को बेनकाब करना होगा. उन्होंने कहा कि बूथ तक के कार्यकर्ता को डिजिटली सशक्त किया जाए.
विपक्ष के झूठे एवं नकारात्मक दुष्प्रचार का तथ्यात्मक, तर्कपूर्ण और समय से जवाब देने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम का गठन किया जाए. उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों को निरंतर जनसंवाद और संगठनात्मक गतिविधियों का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाइए.

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया को सरकार के ऐतिहासिक निर्णयों तथा उपलब्धियों के साथ ही स्थानीय स्तर के विकास कार्यों, लाभार्थियों के अनुभवों तथा पार्टी के कार्यक्रमों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का माध्यम बनाइए.
भाजपा के साइबर योद्धा
राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के ने कहा कि कार्यकर्ता डिजिटली मुखर एवं सक्रिय हों, जिससे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा सके. बड़ी संख्या में युवाओं को अपने साथ जोड़िए और भाजपा की विचारधारा एवं कार्यक्रमों से जोड़कर उन्हें भाजपा के साइबर योद्धा बनाइए.
राष्ट्रीय सहसंयोजक शिवानंद द्विवेदी ने सोशल मीडिया के बदलते स्वरूप, विभिन्न डिजिटल प्लेटफार्म की प्रकृति एवं प्रभावी कंटेंट निर्माण पर संवाद किया.



