अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. बिहार में तस्करी के लिए ले जाई जा रही देशी शराब की बड़ी खेप को अलीनगर पुलिस ने समय रहते पकड़ लिया. पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक ट्रक से 115 पेटी (1035 लीटर) अवैध देशी शराब बरामद करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया. बरामद शराब की अनुमानित कीमत 4 लाख रुपये बताई गई है.

इसे भी पढ़ें- रात के अंधेरे में कांड हो गया! चोरों ने दो घरों को बनाया निशाना, उड़ा ले गए 50 लाख के जेवरात, शातिरों की तलाश में खाकी

बता दें कि अलीनगर पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक के माध्यम से अवैध शराब बिहार ले जाई जा रही है. सूचना के आधार पर भारत पेट्रोलियम के मुख्य गेट से लगभग 500 मीटर पहले, ग्राम सरेसर के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया. इसी दौरान तेज गति से आ रहे ट्रक संख्या UP65BT3990 को रोककर तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान ट्रक के डाले में रखी 23 बोरियों से 115 पेटी ब्लू लाइम ब्रांड की देशी शराब बरामद हुई. प्रत्येक पेटी में 45 टेट्रा पैक तथा प्रत्येक टेट्रा पैक 200 मिलीलीटर का था। इस प्रकार कुल 1035 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की गई.

इसे भी पढ़ें- अमेरिका की नौकरी छोड़ रायबरेली में खड़ा किया मत्स्य पालन का बड़ा उद्यम, अब 50 से ज्यादा किसानों को दे रहे रोजगार

पुलिस ने ट्रक चालक राकेश कुमार (28 वर्ष) पुत्र रामेश्वर शाह, निवासी ग्राम सोनहर, थाना शिवसागर, जनपद रोहतास (बिहार) को मौके से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वाहन स्वामी के कहने पर वह वाराणसी से शराब लोड कर बिहार पहुंचाता था, जिससे अच्छा मुनाफा मिलता था. उसने बताया कि रिंग रोड पर पचपेड़वा के पास बोल्डर लगे होने के कारण इस बार वह दूसरे रास्ते से जा रहा था, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया. आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.