अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. अलीनगर थाना क्षेत्र में एएनटीएफ गाजीपुर और अलीनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से 2 क्विंटल 51 किलो गांजा बरामद किया है. पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपये बताई जा रही है.
इसे भी पढ़ें- UP पुलिस से ज्यादा होशियारी नहीं! पंजाब से 1.20 करोड़ रुपए की शराब ले जा रहे थे तस्कर, जानिए फिर खाकी ने कैसे फेल किया नशे का खेल
पुलिस के अनुसार संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि एक कंटेनर के जरिए गांजे की खेप रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में पहुंचाई जा रही है. सूचना के आधार पर टीम ने रामनगर औद्योगिक क्षेत्र के कटरिया सर्विस लेन के पास घेराबंदी कर कंटेनर को रोक लिया. तलाशी के दौरान कंटेनर के केबिन में बने गुप्त बॉक्स का पता चला. बॉक्स को खोलने पर उसमें 120 बंडलों में गांजा छिपाकर रखा गया था.
पुलिस ने गांजा बरामद करने के साथ ही कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान बजरंग कुमार सिंह निवासी बोकारो, झारखंड के रूप में हुई है. उसके कब्जे से मोबाइल फोन, आधार कार्ड, निर्वाचन कार्ड, एटीएम कार्ड और 900 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं.
इसे भी पढ़ें- उन्हें भाव देने की जरूरत नहीं…’ केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर भड़के राम गोपाल यादव, जानें पूरा मामला
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि वह झारखंड से गांजे की खेप लेकर रामनगर क्षेत्र में डिलीवरी देने आ रहा था. पुलिस के अनुसार गांजा उसे मंटू सिंह नामक व्यक्ति ने रामनगर पहुंचाने के लिए दिया था. पुलिस अब मंटू सिंह समेत इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है. मामले में अलीनगर थाने में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.



