अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. ग्राम गोपालापुर की कई महिलाओं ने बुधवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) राजीव मोहन सक्सेना को लिखित प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई. महिलाओं ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान और उनके समर्थकों द्वारा उन्हें उनकी पुश्तैनी जमीन से हटाने, धमकाने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें- योगी जी ऐसे कैसे आएगा रामराज? छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंगई, युवकों ने मामा-भांजी को लाठी-डंडों से पीटा, यही है जीरो टॉलरेंस नीति!
पीड़ित महिलाओं ने बताया कि वे पिछले तीन पीढ़ियों से उक्त भूमि पर निवास कर रही हैं. उन्हें 52 बिस्वा भूमि का पट्टा मिला है और वे केवल अपनी वर्तमान स्थिति में रहने की अनुमति चाहती हैं. उनका आरोप है कि ग्राम प्रधान उस जमीन पर पंचायत भवन का निर्माण कराना चाहते हैं, जिसके कारण लगातार उन पर दबाव बनाया जा रहा है.
राजमनी नामक महिला ने आरोप लगाया कि प्रधान द्वारा उन्हें कहा जाता है कि या तो जमीन खाली कर दें या फिर अपना धर्म बदल लें. वहीं दूसरी पीड़ित महिला ज्ञानती ने बताया कि उनके ससुर ने वर्षों पहले मछली पालन के लिए तालाब खुदवाया था और उसी भूमि पर उनका परिवार लंबे समय से रह रहा है. प्रधान के लोग दीवार गिराने का प्रयास करते हैं और प्रधान का बेटा कट्टा लेकर जान से मारने की धमकी देता है.
इसे भी पढ़ें- ‘किडनैपर हो गई UP पुलिस’! बांदा में निजी कार से युवक को उठाकर ले जाते दिखे खाकी वाले, महिला को दिया धक्का, VIDEO वायरल
महिलाओं का कहना है कि उनके परिवार के लोग मजदूरी कर जीवन-यापन करते हैं और लगातार मिल रही धमकियों के कारण पूरा परिवार भय के माहौल में जी रहा है. उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा उनकी भूमि और आवास को सुरक्षित रखने की मांग की है. एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना ने बताया कि पीड़ित पक्ष का लिखित प्रार्थना पत्र प्राप्त हो गया है. मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

