कुलदीप सिंह, फतेहपुर. देशभर में 79वें स्वतंत्रता दिवस का पर्व पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया जा रहा था, लेकिन उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है. यहां लोक निर्माण विभाग (PWD) के निर्माण खंड प्रांतीय खंड कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर नियमों को ताक पर रखकर उल्टा तिरंगा फहरा दिया गया. इस गंभीर लापरवाही का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

इसे भी पढ़ें- मैं गा तो नहीं सकता पर बुलडोजर… छत्तीसगढ़ के कलाकार से CM योगी की मजेदार बातचीत, जानिए ऐसा क्या कहा कि खिलखिला उठे सब

बता दें कि राष्ट्रीय पर्व के मौके पर ध्वजारोहण के दौरान यह ध्यान भी नहीं रखा गया कि तिरंगे का कौन सा हिस्सा ऊपर होना चाहिए. हरहरे और आन-बान-शान के प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज को उल्टा (केसरिया रंग नीचे और हरा रंग ऊपर) फहरा दिया गया. सबसे हैरानी और दुर्भाग्यपूर्ण बात यह रही कि इस गंभीर त्रुटि के प्रति किसी भी जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी का ध्यान नहीं गया और उन्होंने उल्टे तिरंगे को ही सलामी देते हुए पूरे जोश के साथ राष्ट्रगान भी गा डाला.

​कार्यालय परिसर में हुई इस भारी चूक का किसी ने वीडियो बना लिया, जो कुछ ही देर में सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो गया. लोगों का कहना है कि जहां एक ओर पूरा देश राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान में जुटा था, वहीं सरकारी कार्यालय के जिम्मेदार अधिकारी अपनी इस गैर-जिम्मेदाराना हरकत से तिरंगे की गरिमा को ठेस पहुंचा रहे हैं.

इसे भी पढ़ें- संकीर्ण दलगत राजनीति से ऊपर उठकर… राहुल गांधी पर भड़के मंत्री मनोज कुमार पांडेय, जानिए ऐसा क्या बोले?

​यह पूरा मामला अधिशाषी अभियंता, निर्माण खंड प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग (PWD) कार्यालय परिसर का बताया जा रहा है. ‘फ्लैग कोड ऑफ इंडिया’ (भारतीय ध्वज संहिता) के स्पष्ट नियमों के बावजूद इस तरह की बड़ी चूक प्रशासनिक अमले की लचर व्यवस्था और लापरवाही को उजागर करती है.