कुलदीप सिंह, फतेहपुर. जनपद में हथगाम थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-2 इंदिरा नगर में शनिवार को उस समय चीख-पुकार मच गई, जब एक आतिशबाज के घर में रखे बारूद और पटाखों के जखीरे में जोरदार धमाका हो गया. विस्फोट इतना भयानक था कि मकान मालिक की पत्नी के शरीर के चीथड़े उड़ गए और मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
इसे भी पढ़ें- कौन झूठा, कौन सच्चा? भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खान को लेकर अखिलेश के बयान पर BJP का पलटवार, सपा सुप्रीमो को जो कहा…
बता दें कि इंदिरा नगर निवासी मो. रफी के मकान में आगामी दिवाली के त्योहार के मद्देनजर भारी मात्रा में अवैध रूप से बारूद और पटाखों की सामग्री जमा की गई थी. शनिवार को अचानक हुए भीषण धमाके से पूरा इलाका थर्रा उठा. विस्फोट का प्रभाव इतना तीव्र था कि मकान का एक हिस्सा ढह गया और चारों तरफ मलबा व मानव अवशेष बिखर गए.
इसे भी पढ़ें- धीरेंद्र शास्त्री पर सपा विधायक का बड़ा हमला, जानिए क्यों कहा ‘सुरक्षा न होती तो कृष्ण भक्त देते जवाब’
हादसे के वक्त घर में मौजूद मो. रफी की 48 वर्षीया पत्नी नसरीन बानो धमाके की सीधी चपेट में आ गईं, जिससे उनके शरीर के परखच्चे उड़ गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्र हो गई. सूचना मिलते ही हथगाम थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने क्षत-विक्षत शव के अवशेषों को समेटकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर जांच-पड़ताल में जुटे हैं.

