कृष्ण कुमार मिश्र, जौनपुर. तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने ओवरटेक करने के दौरान स्कूली बच्चों से भरी वैन में साइड से टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही डीआरएम पब्लिक स्कूल मधुपुर की वैन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. घटना पर सीएम योगी ने संज्ञान लिया है. मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल बच्चों के बेहतर और समुचित इलाज के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि घायल बच्चों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए. साथ ही अधिकारियों को अस्पताल में बच्चों के इलाज और स्वास्थ्य सुविधाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं.
इसे भी पढ़ें- न कानून का डर, न कानून के रखवालों काः भूमि विवाद में बवाल, अतिक्रमण हटाने पहुंची पुलिस-प्रशासन की टीम पर टूट पड़े ग्रामीण, VIDEO वायरल
बता दें कि घटना मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सुजानगंज मार्ग पर उकनी गांव के पास उस वक्त घटी, जब स्कूल वैन मुंगराबादशाहपुर की ओर से सुजानगंज जा रही थी. इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार प्राइवेट बस के चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया. ओवरटेक करने के दौरान बस ने वैन में साइड से टक्कर मार दी, जिससे वैन सड़क पर पलट गई. हादसे में सात बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई अन्य बच्चों को भी चोटें आईं. आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला.
इसे भी पढ़ें- अखिलेश जी! कांग्रेस का भाव चवन्नी, अठन्नी या रुपईया? ओपी राजभर ने किया पलटवार, राहुल गांधी से डरने की बात कहकर सीटों को लेकर भी किया बड़ा दावा
वहीं सूचना पर मुंगराबादशाहपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य में सहयोग किया. सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी सुजानगंज ले जाया गया. घायलों में आदित्य यादव (11), सिद्धार्थ यादव (10), प्रभाष यादव (12), अनिरुद्ध यादव (10), आर्यन यादव (10), आकाश तिवारी (10) और शिवम तिवारी (8) शामिल हैं. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सिद्धार्थ यादव, प्रभाष यादव और आदित्य यादव की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी. तीनों गंभीर घायल बच्चे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं.

