अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. अलीनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई. एक हादसा पचफेड़वा के समीप हुआ, जहां अज्ञात वाहन ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी. वहीं दूसरा हादसा रेमा मोड़ के पास हुआ, जहां अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई. लगातार हुए दो हादसों से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया, जबकि गांवों में मातम का माहौल है.
इसे भी पढ़ें- अयोध्या की जनता 2027 में… राम जन्मभूमि से प्रत्याशी घोषित होने के बाद गरजे पवन पांडे, केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक पर साधा निशाना
जानकारी के अनुसार, पचफेड़वा के समीप शुक्रवार देर रात एक अज्ञात वाहन ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो में सवार चंद्रशेखर, निवासी विशुनपुरा गांव, थाना सकलडीहा क्षेत्र, गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायल चंद्रशेखर को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर रेफर किया गया. इलाज के दौरान चंद्रशेखर की मौत हो गई.
इसे भी पढ़ें- Gen-Z जिताएंंगे UP! प्रयागराज में छात्रों से बात करेंगे राहुल गांधी, बेरोजगारी, पेपरलीक और लाठीचार्ज को मुद्दा बनाकर तैयार करेंगे 27 की ‘सियासी पिच’
वहीं दूसरी घटना रेमा मोड़ के समीप हुई. यहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार विजेंद्र यादव (30) को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में विजेंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई. विजेंद्र यादव धमीना गांव के निवासी बताए गए हैं. दोनों घटनाओं की सूचना मिलने के बाद अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मामलों में शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही हादसों के कारणों और दुर्घटना में शामिल वाहनों की जानकारी जुटाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है.


