प्रयागराज. उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने छात्र और युवा राजनीति के जरिए सियासी जमीन मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है. इसी कड़ी में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज प्रयागराज में छात्रों के बीच पहुंचेंगे. ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में राहुल गांधी बेरोजगारी, पेपर लीक और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज जैसे मुद्दों को लेकर सरकार पर हमला बोलेंगे.
इसे भी पढ़ें- अखिलेश विकल्प नहीं, संकल्प… सपा कार्यालय के बाहर लगे पोस्टर से गरमाया सूबे का सियासी पारा, चुनावी संदेश से सत्ता परिवर्तन की तैयारी शुरू
कांग्रेस इसे देशव्यापी छात्र संपर्क अभियान का हिस्सा बता रही है. पार्टी के मुताबिक प्रयागराज समेत 23 जिलों के छात्रों को कार्यक्रम से जोड़ा गया है और दो लाख से अधिक रजिस्ट्रेशन हुए हैं. वहीं लोगों का कहना है कि कांग्रेस के आंकड़ें को आधार माना जाए तो प्रयागराज का कार्यक्रम पार्टी के लिए महज एक जनसभा नहीं, बल्कि युवा वोटरों के बीच शक्ति प्रदर्शन भी है.
इसे भी पढ़ें- जिन्न का साया बताकर युवती को कमरे में ले गया तांत्रिक, वीडियो बनाकर करने लगा ब्लैकमेल, जानें पूरा मामला
केपी कॉलेज ग्राउंड में करीब 10 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में जर्मन हैंगर तकनीक से 140 मीटर लंबा और 70 मीटर चौड़ा वाटरप्रूफ पंडाल बनाया गया है. करीब एक लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था है. मुख्य मंच लगभग 200 वर्गमीटर में तैयार किया गया है और सामने बड़ी एलईडी वीडियो वॉल लगाई गई है. राहुल गांधी के लिए पंडाल के भीतर अलग कॉरिडोर बनाया गया है. इसी रास्ते से वह सीधे छात्रों के बीच पहुंचकर संवाद करेंगे. यानी कार्यक्रम का फॉर्मेट सिर्फ भाषण तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि ‘नेता मंच पर और छात्र सामने’ की जगह ‘नेता छात्रों के बीच’ वाली तस्वीर बनाने की तैयारी है.
‘पेपर लीक से लाठीचार्ज तक’ सरकार रहेगी निशाने पर
राहुल गांधी छात्रों के बीच बेरोजगारी, पेपर लीक और प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज जैसे मुद्दे उठाएंगे. ऐसे मुद्दे सीधे उस युवा वर्ग से जुड़े हैं जो सरकारी नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस की रणनीति का संकेत साफ है, युवा सिर्फ वोटर नहीं, चुनावी मुद्दों का वाहक भी बने. प्रयागराज जैसे शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के बड़े केंद्र में राहुल का छात्रों से सीधा संवाद इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है.


