तांत्रिक जय प्रकाश ने युवती पर जिन्न का साया होने की बात कहकर पूजा-पाठ के बहाने उसके वीडियो और फोटो बनाए। बाद में ब्लैकमेल कर रकम वसूली और नंबर ब्लॉक करने पर अलग-अलग नंबरों से धमकियां दीं।
आगरा। एक युवती को जिन्न का साया होने की बात कहकर पूजा-पाठ के बहाने कमरे में ले जाने वाले तांत्रिक जय प्रकाश पर ब्लैकमेलिंग और धमकी देने का आरोप लगा है। आरोप है कि तांत्रिक ने पूजा के दौरान युवती के वीडियो और फोटो बनाए और बाद में इन्हीं के जरिए उसे डराकर रकम वसूलने लगा।
जिन्न का बताया साया
जानकारी के मुताबिक, परिवार ने तांत्रिक जय प्रकाश को घर में पूजा-पाठ के लिए बुलाया था। तांत्रिक की नजर युवती पर थी। उसने परिवार से कहा कि युवती पर जिन्न का साया है और वह जिन्न सभी को मार देगा, इसलिए युवती का उपचार जरूरी है।
तांत्रिक की बात पर महिला और परिवार के अन्य सदस्य पूजा के लिए तैयार हो गए। इसके बाद उसने महिला समेत परिवार के बाकी लोगों को दूसरे कमरे में भेज दिया और युवती को पूजा-पाठ वाले कमरे में ले गया।
वीडियो बनाकर ब्लैकमेल
आरोप है कि तांत्रिक ने कई बार युवती को कमरे में ले जाकर पूजा-पाठ किया। पूजा के बाद युवती अक्सर बेहोशी की हालत में रहती थी। इसी दौरान तांत्रिक ने उसके फोटो और वीडियो बना लिए।
इसके बाद उसने इन फोटो और वीडियो के जरिए युवती को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और उससे रकम वसूलने लगा। परेशान युवती ने जब उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया तो आरोपित ने अलग-अलग नंबरों से फोन करके उसे धमकाना शुरू कर दिया।
तनाव में उठाया कदम
बदनामी और लगातार ब्लैकमेलिंग से तनाव में आई युवती ने आत्महत्या का प्रयास किया। इसके बाद परिवार के सामने तांत्रिक की कथित हरकतों का खुलासा हुआ।
डीसीपी आदित्य ने बताया कि आरोपित तांत्रिक जय प्रकाश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।


