लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आबकारी विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की शुरुआत में ही राजस्व संग्रह का नया रिकॉर्ड बनाया है। जून 2026 में विभाग को 5,173.56 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जो पिछले वर्ष जून के मुकाबले 16.05 प्रतिशत अधिक है। वहीं, अवैध शराब के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में 1,500 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
प्रदेश के आबकारी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने बताया कि जून 2026 में विभाग ने 5,173.56 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा 4,458.23 करोड़ रुपये था। इस प्रकार एक वर्ष में 16.05 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 में जून तक कुल 15,809.25 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 11.11 प्रतिशत अधिक है।
71,278 करोड़ का लक्ष्य
आबकारी मंत्री के अनुसार, विभाग को इस वित्तीय वर्ष में 71,278 करोड़ रुपये राजस्व संग्रह का लक्ष्य दिया गया है, जिसे हासिल करने के लिए अधिकारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं।
READ MORE: विवाद, बवाल और खूनी संघर्षः दो पक्षों के बीच जमकर चले लाठी- डंडे, युवती-महिलाओं की पिटाई, डरा देने वाला VIDEO वायरल
अवैध शराब के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई
जून 2026 तक प्रदेशभर में 2,65,870 छापे मारे गए। इस दौरान 29,267 मुकदमे दर्ज किए गए और करीब 9 लाख लीटर अवैध शराब बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान 4,641 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 804 आरोपियों को जेल भेजा गया। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 31 वाहनों को भी जब्त किया गया।
READ MORE: मुख्यमंत्री ने मेदांता पहुंचकर महंत नृत्य गोपाल दास का जाना हाल, आज अस्पताल से मिलेगा डिस्चार्ज
जून माह में ही 87,646 छापेमारी
आबकारी आयुक्त डॉ. आदर्श सिंह ने बताया कि केवल जून माह में ही 87,646 छापेमारी की गई। इस दौरान 9,764 अभियोग दर्ज हुए, 2.56 लाख लीटर अवैध शराब बरामद की गई और 1,513 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से 283 आरोपियों को जेल भेजा गया, जबकि सात वाहनों को जब्त किया गया।

