लखनऊ. उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय में शुक्रवार को प्रांतीय पुलिस सेवा (पीपीएस) से भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में पदोन्नत हुए अधिकारियों के लिए पिपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया. गोमतीनगर विस्तार स्थित पुलिस मुख्यालय में आयोजित समारोह में पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने अधिकारियों को नई रैंक लगाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.
इसे भी पढ़ें- विवाद, बवाल और खूनी संघर्षः दो पक्षों के बीच जमकर चले लाठी- डंडे, युवती-महिलाओं की पिटाई, डरा देने वाला VIDEO वायरल
समारोह में कमल किशोर, सुरेश चंद्र रावत, शुएब इकबाल, राहुल मिठास, आलोक कुमार शर्मा, राजकुमार, महेश सिंह अत्रि, जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, शशि शेखर सिंह, कुलदीप सिंह, ज्ञानेन्द्र नाथ प्रसाद, हरेन्द्र प्रताप यादव, बंशराज सिंह यादव, डॉ. कृष्ण गोपाल, मधुबन कुमार सिंह, कपिलदेव सिंह, बलवंत कुमार चौधरी, राहुल श्रीवास्तव, प्रीति बाला गुप्ता, विकास चंद्र त्रिपाठी, पूर्णेंदु सिंह, हरेन्द्र कुमार, मार्तण्ड प्रकाश सिंह, अभयनाथ त्रिपाठी और पवित्र मोहन त्रिपाठी सहित कुल 28 अधिकारियों को पदोन्नति पर सम्मानित किया गया.
इस अवसर पर डीजीपी राजीव कृष्ण ने सभी अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस सेवा बेहद चुनौतीपूर्ण और जिम्मेदारी भरा कार्य है. उन्होंने कहा कि अधिकारियों को जहां भी तैनाती मिले, वहां पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए.
इसे भी पढ़ें- टहलने गए थे, मौत मिल गईः रेलवे ट्रैक पार करते वक्त ट्रेन की चपेट में आए सेवानिवृत्त शिक्षक, मंजर देख दहल उठे लोग
उन्होंने अधिकारियों से अनुशासन बनाए रखने और उत्तर प्रदेश पुलिस की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया. डीजीपी ने कहा कि जनता का विश्वास बनाए रखना और कानून-व्यवस्था को मजबूत करना पुलिस अधिकारियों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है. समारोह में अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) एवं पुलिस महानिदेशक के जीएसओ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे.

