लखनऊ. बिजली की आपूर्ति को लेकर अखिलेश यादव ने भाजपा पर करारा हमला बोला है. अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा के कुराज में उत्तर प्रदेश में बिजली की ‘मांग’ बढ़ रही है, ‘दाम’ बढ़ रहे हैं, लेकिन बिजली की आपूर्ति नहीं बढ़ रही है. भाजपा सरकार ने 9 सालों में प्रदेश की बिजली की व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है. मुख्यमंत्री जी ने उत्तर प्रदेश में बिजली उत्पादन बढ़ाने के लिए एक भी बिजली का नया कारखाना नहीं लगाया. बिजली का नया पावर प्लांट लगाने की तो छोड़िए मुख्यमंत्री जी उसका नाम तक नहीं देते हैं.

इसे भी पढ़ें- राजनीति का स्तर गिरा या नेताओं का! अजय राय ने PM मोदी के लिए की अभद्र टिप्पणी, पंकज चौधरी ने खरी-खोटी सुनाते हुए दिया बड़ा बयान

आगे अखिलेश यादव ने कहा, आज पूरे प्रदेश में बिजली संकट को लेकर हाहाकार है. अघोषित कटौती से लोग बेहाल हैं. बिजली के लेकर प्रदेश भर में जगह-जगह जनता सड़कों पर उतरकर धरना प्रदर्शन कर रही है. भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में बिजली का उत्पादन नहीं बढ़ाया, लेकिन स्मार्ट मीटर लगाकर जनता से बिजली बिल की भारी उगाही की. भाजपा सरकार ने लोगों को लूटने का काम किया है.

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने प्रदेश में कानपुर, घाटमपुर, एटा ललितपुर, सोनभद्र प्रयागराज, टांडा में सुपर क्रिटिकल केयर थर्मल पावर प्लांट लगाने का काम किया. बिजली का उत्पादन बढ़ाया था. ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन क्षेत्र में बेहतरीन काम किया, उत्तर प्रदेश में आज जनता को जो बिजली मिल रही है, वह समाजवादी पार्टी के कार्यकाल में बनाए गए बिजली घरों से ही मिल रही है, भाजपा सरकार ने न कोई नया पावर प्लांट लगवाया और न किसी पावर प्लांट का विस्तार किया.

इसे भी पढ़ें- सत्ताइस में सत्ता हासिल करने के लिए BJP का रास्ता साफ, पार्टी की स्थिति मजबूत, सपा के हाथ लगेगी मायूसी!

आगे अखिलेश यादव ने ये भी कहा कि भाजपा ने महंगाई बढ़ाने और भ्रष्टाचार करने के अलावा कोई कार्य नहीं किया. भाजपा विकास विरोधी है. मुख्यमंत्री जी तो 3×660 सुपर क्रिटिकल पावर प्लांट का नाम तक नहीं लेते हैं. जनता लखनऊ समेत विभिन्न जिलों में बिजली उपकेंद्रों का घेराव करने पर मजबूर है, इसकी जिम्मेदार भाजपा सरकार और खुद मुख्यमंत्री हैं. जनता भाजपा को अब और बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है. 2027 में प्रदेश की जनता भाजपा का सफाया कर देगी.