लखनऊ. सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा कि विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव बेहद महत्वपूर्ण हैं और पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को पूरी मजबूती के साथ चुनाव प्रचार में जुट जाना चाहिए. समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय में शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के पार्टी प्रत्याशियों के साथ बैठक को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर शिक्षकों और स्नातक मतदाताओं से संपर्क करें और मतदाताओं की संख्या बढ़ाने का अभियान चलाएं.
इसे भी पढ़ें- UP में जनता की सरकार! योगी सरकार ने बांटी 210 करोड़ की EV सब्सिडी, जानिए अब तक कितने लोगों ने कराया पंजीकरण
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा शिक्षा और शिक्षकों का सम्मान किया है और 2027 में सरकार बनने पर शिक्षकों के हितों और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा तक की व्यवस्था प्रभावित हुई है और युवाओं के सामने रोजगार का संकट पैदा हुआ है.
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने शिक्षकों, नौजवानों, किसानों और व्यापारियों सहित सभी वर्गों के साथ धोखा किया है, जिसके कारण महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी शिक्षकों की सभी न्यायोचित मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी और प्रमुख मांगों को आगामी विधानसभा चुनाव के घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें- नायक होने की पहली शर्त है, यादव होना! ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला, जानिए सुभसपा प्रमुख ने क्यों कहा ऐसा?
बैठक के दौरान विभिन्न शिक्षक संगठनों की ओर से उन्हें ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों को सम्मानजनक मानदेय, पुरानी पेंशन योजना की बहाली, आधुनिक मदरसा शिक्षकों के बकाया वेतन के भुगतान, संस्कृत विद्यालयों की समस्याओं के समाधान और शिक्षामित्रों के समायोजन जैसी मांगें शामिल थीं.

