लखनऊ. अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार यूपीआई पेमेंट पर टैक्स को लेकर तीखा हमला बोला है. अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार यूपीआई पेमेंट पर टैक्स लगाकर चुंगी वसूलना चाहती है. यूपीआई पेमेंट पर टैक्स भाजपा सरकार की रुपये ऐंठने की योजना है. समाजवादी पार्टी यूपीआई से पैसा वसूलने की योजना के खिलाफ है. भाजपा के लोग चुंगीजीवी हैं. उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था को ट्रिलियन डालर बनाने के लिए चुंगीजीवियों के पास अब यही बचा है.
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार लूट, बेईमानी के सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं. कानून व्यवस्था ध्वस्त है. राजधानी लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में हत्याएं हो रही है. प्रदेश हत्याओं से भरा पड़ा है. लखनऊ में थाने के सामने हत्या हो गयी और पुलिस ने इनाम भी ले लिया. गोरखपुर में तो इतनी हत्याएं हो रही है, इसकी कल्पना नहीं की जा सकती है. भाजपा सरकार में महिलाएं-बेटियां सुरक्षित नहीं है. महिलाओं-बेटियों पर हो रहे अपराध और साइबर क्राइम के मामले उत्तर प्रदेष में देश में सबसे ज्यादा हो रहे है. भाजपा ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया है.
इसे भी पढ़ें- शर्म आनी चाहिए योगी सरकार को! खराब रास्ते को लेकर बीजेपी MLA के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों को पुलिस ने बेरहमी से पीटा, शायद यही सुशसान है?
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में लूट का गोरखधंधा चल रहा है. उत्तर प्रदेश में इतना भ्रष्टाचार और लूट कभी नहीं था. निर्माण कार्यों में बजट की लूट हो रही हैं. भाजपा सरकार में हुए निर्माण कार्य बेहद घटिया है. समाजवादी पार्टी की सरकार में जब आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे बनाया जा रहा था तब भाजपा के लोगों ने बहुत आरोप लगाये थे. समाजवादी सरकार में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे विश्वस्तरीय सड़क बनायी, उस पर लड़ाकू विमान उतारे गये. एक्सप्रेस-वे सड़क आज भी वैसे है. आज एनएचआई भी अपनी सड़कों को बनाने में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे की नकल कर रही है.
उन्होंने ये भी कहा कि भाजपा सरकार में जितने एक्सप्रेस-वे बने हैं, सबकी गुणवत्ता बेहद घटिया है. सड़कें बनते ही टूट रही हैं. गड्ढे हो रहे हैं. बुन्देलखंड एक्सप्रेस-वे प्रधानमंत्री जी के उद्घाटन के बाद ही टूटना शुरू हो गया, उसका मेंटेनेंस कार्य अभी भी चल रहा है. मुख्यमंत्री जी ने गोरखपुर के लिए लिंक एक्सप्रेस-वे बनाया, उसमें जमकर गोरखधंधा हुआ. उस पर अभी भी काम चल रहा है. कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का तो बुरा हाल है. इसमें जगह-जगह गड्ढ़े तो हुए ही थे दो दिन पहले आरसीसी पुल भी गिरने लगा. गंगा एक्सप्रेस-वे तो बरसात में वाटर एक्सप्रेस-वे बन गया. भाजपा सरकार में योजनाएं उद्योगपतियों की जेबें भरने के लिए बनायी जा रही है. समाजवादी पार्टी की सरकार में जो भी कार्य हुए वह विश्वस्तरीय थे. भाजपा सरकार में जो भी निर्माण कार्य होता है बाद में, गिरता पहले है. सड़के आज भी मजबूत है. लैपटॉप आज भी चल रहे हैं.
इसे भी पढ़ें- UP में योगीराज है या ‘गुंडाराज’! बच्चों के विवाद में एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के युवक को मारा चाकू, टूटी सांसें, कब कम होगा क्राइम ग्राफ?
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में नौजवानों के लिए नौकरी, रोजगार नहीं है. बेरोजगारी बढ़ती जा रही है. सरकार ने एक लाख नौकरी देने की घोषणा की थी. जुलाई, अगस्त में नौकरियां जीरो रही. सितम्बर में भी जीरो है. नौजवान नौकरी, रोजगार का इंतजार कर रहा है. प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार में नौजवानों को नौकरी-रोजगार देने का रास्ता खुलेगा. भाजपा सरकार के पास महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार जैसे सवालों के जवाब नहीं है. सवाल होने पर सरकार भाग जाती है. जो सरकार सवाल नहीं ले पाती है, वह सबसे कमजोर सरकार है. जनता 2027 में भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेगी.
अखिलेश यादव ने आगे ये भी कहा कि भाजपा सरकार में भारी भ्रष्टाचार हो रहा है. यह सरकार कमीशनखोरी करके समाजवादी पार्टी सरकार में बनी बिल्डिंगों को बेच रही है. अब इस सरकार की नज़र नेताजी के ड्रीम प्रोजेक्ट अंसल सिटी पर भी है. अंसल सिटी में घोटाला चल रहा है. सरकार उसे हथियाने का षडयंत्र कर रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार 2 सौ करोड़ पेड़ लगाने का दावा कर रही है. ये पेड़ सिर्फ कागजों पर लगाये गये है. उन्होंने बताया कि 1 हजार एकड़ भूमि पर 1 लाख 34 हजार पेड़ लगाये जाते है. इस हिसाब से इस सरकार ने 2 सौ करोड़ पेड़ किस जमीन पर लगाये हैं?



