लखनऊ. सपा ने विधानसभा चुनाव के लिए तैयार की जा रही मतदाता सूची में डुप्लीकेट मतदाताओं को लेकर शिकायत की थी. जिस पर प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है. जिसे लेकर अखिलेश यादव का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि ये बहुत सकारात्मक बात है कि हर एक सजग-सतर्क-सचेत-सक्रिय ‘पीडीए प्रहरी’ के प्रयास रंग ला रहे हैं और हवा का रुख समझने वाले अधिकारी भी अब अपने स्तर पर जांच-सुधार में सहयोग दे रहे हैं. ये लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत है.
इसे भी पढ़ें- लखनऊ में ‘भारत विरोधी दशानन रावण’ के पोस्टर, राहुल-अखिलेश समेत कई चेहरे शामिल
आगे उन्होंने कहा कि अधिकारी भी सब समझ रहे हैं कि किसी भी भाजपाई घपले की सीमा तब तक ही सुरक्षित है, जब तक उनकी अपनी क़लम और नौकरी नहीं फंस रही है. वो नहीं चाहते हैं कि कल को जब भाजपा के ये सारे चुनावी-अपराध खुलें तो उनमें अधिकारियों की संलिप्तता का मामला भी बने और उन्हें निलंबन-बर्खास्तगी के अपमान का घूंट पीना पड़े, इसीलिए अधिकारीगण अब न केवल चुनावी गलतियां स्वीकार भी कर रहे हैं, बल्कि साज़िशन की गई उन तथाकथित गलतियों को सुधार भी रहे हैं. सच की सबसे बड़ी सकारात्मक ताक़त भी यही होती है कि उसका नैतिक बल किसी भी धनबल-बाहुबल से अधिक शक्तिशाली होता है और अच्छे लोग उससे जुड़ते चले जाते हैं, इसीलिए अंत में जीत सत्य की ही होती है.
इसे भी पढ़ें- UP में बनेंगे 3 नए एक्सप्रेस-वे, 651 गांवों से गुजरेगा रास्ता; 8,193 हेक्टेयर जमीन खरीदेगी सरकार
आगे अखिलेश यादव ने ये भी कहा कि उप्र के सभी अच्छे-सच्चे अधिकारी जिस तरह अप्रत्यक्ष रूप से लोकतंत्र की रक्षा के लिए शांति से सक्रिय हैं, उसके लिए प्रदेश के हर नागरिक के साथ-साथ हम भी उन्हें हार्दिक धन्यवाद देते हैं. लोकतंत्र की पुनर्स्थापना में उनकी कर्तव्यनिष्ठता सदैव याद रखी जाएगी. लोकतंत्र की रक्षा में दिन-रात लगा हर एक ‘पीडीए प्रहरी’ इतिहास में एक ‘जनतंत्र सेनानी’ के रूप में दर्ज़ हो रहा है. संपूर्ण उत्तर प्रदेश में सक्रिय सभी ‘पीडीए प्रहरी’ इस लोककल्याणकारी सद्कर्म के लिए बधाई के पात्र हैं!

