लखनऊ. उत्तर प्रदेश में सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए तीन नए एक्सप्रेस-वे बनाए जाएंगे. इनमें मेरठ-हरिद्वार एक्सप्रेस-वे, विंध्य एक्सप्रेस-वे और विंध्य-पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे शामिल हैं. इन परियोजनाओं का अलाइनमेंट तय कर लिया गया है. साथ ही, यह भी चिह्नित किया गया है कि किस जिले में कितनी जमीन खरीदी जाएगी. तीनों परियोजनाओं के लिए कुल 8,193 हेक्टेयर जमीन की खरीद की जाएगी. इनके रास्ते में 651 गांव आएंगे.
इसे भी पढ़ें- दिवाली से पहले यूपी के कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले! 7,000 तक बोनस, DA-DR में 3% बढ़ोतरी की उम्मीद
मेरठ से हरिद्वार तक बढ़ेगी कनेक्टिविटी
मेरठ-हरिद्वार एक्सप्रेस-वे के जरिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी उत्तराखंड तक बेहतर होगी. यह मार्ग अमरोहा और बिजनौर से होकर हरिद्वार तक जाएगा. अमरोहा के 52 गांवों में 555.94 हेक्टेयर और बिजनौर के 108 गांवों में 1,058.44 हेक्टेयर जमीन खरीदी जाएगी. हरिद्वार के 24 गांवों से भी करीब 406 एकड़ जमीन लेने की योजना है.
विंध्य एक्सप्रेस-वे के लिए सबसे ज्यादा जमीन
विंध्य एक्सप्रेस-वे प्रयागराज, भदोही, मिर्जापुर और सोनभद्र से होकर गुजरेगा. इसके लिए 4,613.93 हेक्टेयर जमीन खरीदी जाएगी. परियोजना के दायरे में चार जिलों के 327 गांव आएंगे. इनमें प्रयागराज के 71, भदोही के 58, मिर्जापुर के 89 और सोनभद्र के 109 गांव शामिल हैं. सबसे ज्यादा जमीन सोनभद्र में खरीदी जाएगी.
विंध्य-पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे तीन जिलों को जोड़ेगा
विंध्य-पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे मिर्जापुर, चंदौली और गाजीपुर क्षेत्र को जोड़ेगा. इसके लिए 1,558.93 हेक्टेयर जमीन की जरूरत होगी. यह मार्ग तीन जिलों के 140 गांवों से होकर गुजरेगा. चंदौली के 52 गांवों से 663.72 हेक्टेयर, गाजीपुर के 52 गांवों से 576.91 हेक्टेयर और मिर्जापुर के 36 गांवों से 318.30 हेक्टेयर जमीन खरीदी जाएगी.
इसे भी पढ़ें- UPPSC BEO Recruitment: छह साल बाद 238 पदों पर भर्ती, जल्द जारी होगा नोटिफिकेशन
जल्द शुरू होगी जमीन खरीद की प्रक्रिया
तीनों एक्सप्रेस-वे के अलाइनमेंट और जिलावार जमीन की जरूरत चिह्नित कर ली गई है. अब जिला प्रशासन के स्तर पर जमीन खरीद की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. इन परियोजनाओं से प्रदेश के कई जिलों के बीच सड़क संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है. हालांकि, निर्माण शुरू होने और परियोजनाएं पूरी होने की समय-सीमा की जानकारी अभी सामने नहीं आई है.

