लखनऊ. एक वीडियो ने योगी सरकार के बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था के दावे की पोल खोलकर रख दी है. सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हुए वीडियो में एक शख्स कहता दिख रहा है कि केजीएमयू अस्पताल में उनका मरीज घंटों से इंतजार कर रहा है, लेकिन मरीज को घंटों तक भर्ती नहीं किया गया. वीडियो शेयर कर अखिलेश यादव ने सीएम योगी और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक पर करारा तंज कसा है.

इसे भी पढ़ें- हाइवे, हादसा और हाहाकारः ट्रक और कार के बीच जोरदार भिड़ंत, मची चीख-पुकार, मां-बाप और बेटे का हाल देख सहम उठे लोग

अखिलेश यादव ने एक्स पर वीडियो पोस्ट कर कहा, स्टार प्रचारक उप्र के मुख्यमंत्री जी यदि चुनावी पर्यटन से लौट आएं हों तथा उप्र के रीलजीवी स्वास्थ्य मंत्री जी अगर ‘भ्रामक-भ्रमण’ से लौट आएं हों (जिस रील में उन्होंने दिल्लीवालों की बात तो करी परंतु जानबूझकर लखनऊवालों का नाम तक नहीं लिया) तो वो प्रदेश की राजधानी के सबसे प्रतिष्ठित अस्पताल की बदहाली और जनता की दुर्गति देख लें. इनसे कुछ करने की उम्मीद न पहले थी, न अब है. ये तो बस देख लें कि जनता आपसे अच्छी है, जिसकी रील भ्रामक नहीं, सच में सच्ची है.

इसे भी पढ़ें- ‘मैं सब कुछ हार गया हूं…’, 11वीं मंजिल से कूदकर प्रॉपर्टी डीलर ने दी जान, IPL मैच में लगाता था सट्‌टा

आगे अखिलेश यादव ने ये भी कहा कि मुख्य जी से आग्रह है कि अब इस साहसी शिकायतकर्ता के ख़िलाफ़, आप अपनी ‘हाता नहीं भाता’ की नीति को लागू करके कोई बुलडोज़री कार्रवाई नहीं करेंगे और न ही ‘5 बड़ा या 7’ वाले प्रदेश अध्यक्ष जी से नोटिस भेजने को कहेंगे. मुख्यमंत्री जी के सूचनार्थ : ये वीडियो एआई जेनरेटेड नहीं है और न ही स्वास्थ्य मंत्री जी की रील एआई जेनरेटेड थी.