लखनऊ. राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर चल रहे विवाद ने प्रदेश की सियासी हलचल तेज कर दी है. भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने इस मामले में एक बार फिर बड़ा बयान देकर दिया है. उन्होंने अपने बयान में साफ कहा है कि राम मंदिर में पहले दिन से ही खेल चल रहा है. बस यही वजह है कि वे आज तक राम मंदिर दर्शन के लिए नहीं गए हैं. बयान सामने आने के बाद ये माना जा रहा है कि विपक्षी दल अब जुबानी हमला और तेज करेंगे.
इसे भी पढ़ें- इन्होंने बेरहमी, बेदर्दी और बेशर्मी से… राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अखिलेश यादव का बड़ा बयान, जानिए और क्या कहा?
भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, ‘मुझे जो बोलना है, मैं पहले बोल चुका हूं. जब कोई नहीं बोला था संसार में, चार साल पहले बोल चुका हूं और इसलिए मैं आज तक राम जन्मभूमि दर्शन करने के लिए नहीं गया. वहां फर्स्ट डे से खेल चल रहा था.’ इस बयान से पहले भी बृजभूषण शरण सिंह ने कहा था कि अगर मैं सच बोलूंगा तो बहुत चोट लगेगी और मैं विवाद में फंस जाऊंगा.
इसे भी पढ़ें- ‘भाड़’ में जाए जीरो टॉलरेंस! चौकी इंचार्ज पर मारपीट और 30 हजार घूस लेने के आरोप, योगी जी ‘गुंडाराज’ नहीं तो और क्या?
क्या है पूरा मामला
बता दें कि सपा मुखिया अखिलेश यादव ने राम मंदिर के चढ़ावे की करोड़ों की रकम गायब होने का दावा किया था. उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट और सरकार पर गंभीर सवाल उठाए थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि यह मामला दुनिया भर के रामभक्तों की आस्था से जुड़ा है और न्यायालय को इसका स्वतः संज्ञान लेना चाहिए. इस मामले पर मंदिर ट्रस्ट की चुप्पी शर्मनाक है और सरकार की चुप्पी संदिग्ध है.
अखिलेश ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा था कि समस्त विश्व में भगवान राम के उपासकों के लिए ये एक बेहद संवेदनशील समाचार है कि ‘राम मंदिर’ के चढ़ावे की करोड़ों की रकम गायब पाई गई है. ये मंदिर ट्रस्ट के लिए अत्यंत शर्मनाक स्थिति है, कोई भी सफाई देने के लिए सामने नहीं आना चाहता है. न्यायालय से स्वतः संज्ञान लेने की मांग है, क्योंकि इसका सीधा संबंध वैश्विक स्तर पर समस्त सनातनी समाज की प्रभु राम में गहरी आस्था से जुड़ा है. सरकार की चुप्पी संदिग्ध है.

