लखनऊ. अलीगंज में हुए अग्निकांड के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण ने बड़ा एक्शन लिया है. एलडीए ने सुपरवाइजरों, मेट और अन्य चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों समेत कुल 25 कर्मियों का तबादला कर दिया है. जारी आदेश में वीरेन्द्र यादव, मुकेश कुमार, राजेश पाण्डेय, विनोद कुमार, मेट (वर्कचार्ज) जितेन्द्र कुमार, लक्ष्मी शंकर त्रिवेदी, राकेश यादव, सत्य प्रकाश तिवारी, प्रेम प्रकाश लाल, प्रदीप कुमार, अनुचर राजेन्द्र कुमार मिश्र, रामशरण मेट सूबेदार वर्मा, सुशील कुमार सिंह, गिरिश चन्द्र यादव, शकील, सैय्यद अली मोहम्मद, अशोक कुमार श्रीवास्तव समेत 25 कर्मचारियों का नाम शामिल है.
बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर भीषण अग्निकांड की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए दो सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का भी गठन कर दिया गया है. जिसमें अमृत अभिजात, अपर मुख्य सचिव, पर्यटन, धर्मार्थ एवं संस्कृति विभाग प्रवीण कुमार और अपर पुलिस महानिदेशक, लखनऊ जोन का नाम शामिल है. SIT को एक सप्ताह के अंदर अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं. मुख्यमंत्री कार्यालय में हुई हाई लेवल बैठक के बाद यह फैसला लिया गया.
इसे भी पढे़ं : अब बेसमेंट में नहीं चला पाएंगे कोचिंग : लखनऊ अग्निकांड के बाद CM योगी का सख्त निर्देश
जानिए पूरा घटनाक्रम
- दोपहर 2:15 बजे: अलीगंज के सेक्टर डी के चार मंजिला कॉम्प्लेक्स में भीषण आग लग गई. पहले लोगों ने आग पर काबू का प्रयास किया.
- दोपहर 2:30 बजे: आग को लगातार बढ़ती देख फायर ब्रिगेड को घटना की जानकारी दी गई.
- दोपहर 3.10 बजे: फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। आग की भयावहता की जानकारी विभाग को दी गई. धीरे-धीरे दमकल की 13 गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। आग पर काबू का प्रयास शुरू किया गया.
- शाम 6:30 बजे: फायर ब्रिगेड की ओर से आग पर काबू पाने और हालात के सामान्य होने की जानकारी दी गई. आग लगने से 15 युवाओं की मौत का मामला सामने आया.
मालिक समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आरोपी वीरेंद्र शुक्ला और तुशांक कृष्ण जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी रामकृष्ण उपाध्याय को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और मामले में दोषी पाए जाने वाले अन्य लोगों के खिलाफ भी विधिक कार्रवाई की जाएगी. जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है. वहीं सीएम ने इस मामले में चार अधिकारियों को भी सस्पेंड कर दिया है.

