लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. प्रदेश के विभिन्न विभागों में संयुक्त अवर अधीनस्थ (इंटरमीडिएट स्तर) के 1,784 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है. उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की ओर से इस भर्ती के लिए 10 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे. आवेदन करने की अंतिम तिथि 1 दिसंबर निर्धारित की गई है, जबकि शुल्क समायोजन और आवेदन में संशोधन का मौका 8 दिसंबर तक मिलेगा.
इसे भी पढ़ें- भक्ति की आड़ में फूहड़ता बर्दाश्त नहीं! मंहत राजू दास का रामलीलाओं और गरबा को लेकर बड़ा बयान, जानिए क्यों कही गोमूत्र पिलाने की बात
PET-2025 के आधार पर होगी अभ्यर्थियों की छंटनी
इस भर्ती की लिखित परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2025 के स्कोर के आधार पर शॉर्टलिस्ट किया जाएगा. उम्मीदवार अपने पीईटी नंबर का इस्तेमाल करके भी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे. आवेदन के दौरान पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजा जाएगा, जिसके जरिए आगे की प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
कितना होगा शुल्क
आयोग के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन के लिए अभ्यर्थियों को 25 रुपये शुल्क जमा करना होगा. हालांकि, लिखित परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किए जाने वाले उम्मीदवारों से परीक्षा शुल्क अलग से लिया जाएगा. ऐसे में अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले भर्ती से जुड़ी सभी शर्तों और दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी जाती है.
इसे भी पढ़ें- खाकी का खौफ खत्म! दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले में भड़के चंद्रशेखर, कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए कही बड़ी बात
कई विभागों में मिलेंगी नौकरी की संभावनाएं
इस भर्ती अभियान में अलग-अलग विभागों के कई पद शामिल किए गए हैं. इनमें वाणिज्य कर संग्रह अमीन, भूमि अर्जन अमीन, भंडार पाल एवं लिपिक, सहकारी कृषि पर्यवेक्षक, गृहमाता, सारणीयक, समाज कल्याण पर्यवेक्षक, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी, फार्म लिपिक और बिक्री कर्ता समेत अन्य पद शामिल हैं.

