लखनऊ. लखनऊ स्थित संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) सोमवार को अपना 30वां दीक्षांत समारोह आयोजित करेगा. श्रुति प्रेक्षागृह में होने वाले इस समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल अध्यक्षता करेंगी, जबकि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे. उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे.
इसे भी पढ़ें- जीरो टॉलरेंस का ‘जीरो’ असरः स्टोन पिचिंग और स्पर निर्माण में करोड़ों का खेला, सुशासन’राज’ में कब थमेगा कुशासन?
इस बार के दीक्षांत समारोह की सबसे बड़ी विशेषता ‘गवर्नर्स गोल्ड मेडल’ की शुरुआत है. संस्थान के इतिहास में पहली बार यह सम्मान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी को प्रदान किया जाएग. समारोह में डीएम, एमसीएच, एमडी, पीडीसीसी और बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रमों के कुल 279 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी. साथ ही विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 25 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा.
समारोह के दौरान संस्थान के निदेशक डॉ. आर.के. धीमन वार्षिक उपलब्धियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करेंगे. वहीं, विद्यार्थियों की डिग्रियों को डिजीलॉकर प्लेटफॉर्म पर डिजिटल रूप से अपलोड किया जाएगा, जिससे उन्हें प्रमाणपत्र तत्काल ऑनलाइन उपलब्ध हो सकेंगे. कार्यक्रम में चिकित्सा अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने वाले संकाय सदस्यों, शोधकर्ताओं और प्रशिक्षु चिकित्सकों को भी सम्मानित किया जाएगा. प्रो. एस.आर. नायक और प्रो. एस.एस. अग्रवाल पुरस्कारों के अलावा सर्वाधिक अनुसंधान अनुदान प्राप्त करने और अधिक पेटेंट दाखिल करने वाले विभागों एवं शिक्षकों को भी सम्मान मिलेगा.
इसे भी पढ़ें- जुर्म की सजा मौतः STF और पुलिस ने 1 लाख के इनामी बदमाश का किया एनकाउंटर, जानिए खाकी ने कैसे किया खात्मा…
दीक्षांत समारोह में सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित होंगे. बहराइच जिला प्रशासन को एचपीवी टीकाकरण प्रमाण-पत्र, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को उपयोगी किट तथा स्कूली बच्चों को पुस्तकें वितरित की जाएंगी. संस्थान द्वारा गोद लिए गए गांवों के बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां समारोह को विशेष आकर्षण प्रदान करेंगी.

