लखनऊ. राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए प्रयागराज पहुंचे हैं. जहां वे शाम में छात्रों से बेरोजगारी, पेपरलीक और युवाओं पर हुए लाठीचार्ज को लेकर बातचीत कर सरकार को घेरने का काम करेंगे. कार्यक्रम से पहले डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा, बचकानी राजनीति के प्रतीक बन चुके राहुल गांधी अपनी कथित ‘मोहब्बत की दुकान’ से ‘नफरत फैलाने’ की राजनीति लेकर आज प्रयागराज आ रहे हैं. मौक़ा मिले तो स्थल ही नहीं, बल्कि आनंद भवन और उसके आसपास भी घूम लीजिए. आपको खुद एहसास होगा कि आपके परिवार ने अपना घर होने के बावजूद प्रयागराज को सालों तक ‘उपेक्षित’ छोड़ रखा था.
इसे भी पढ़ें- Gen-Z जिताएंंगे UP! प्रयागराज में छात्रों से बात करेंगे राहुल गांधी, बेरोजगारी, पेपरलीक और लाठीचार्ज को मुद्दा बनाकर तैयार करेंगे 27 की ‘सियासी पिच’
आगे केशव मौर्य ने कहा कि वहीं प्रयागराज आज भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार में यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है. यहां अब केवल छात्रों की आवाज़ ही नहीं, बल्कि विकास की गूंज भी सुनाई देती है.
इसे भी पढ़ें- अखिलेश विकल्प नहीं, संकल्प… सपा कार्यालय के बाहर लगे पोस्टर से गरमाया सूबे का सियासी पारा, चुनावी संदेश से सत्ता परिवर्तन की तैयारी शुरू
उन्होंने ये भी कहा कि आपकी आस्था-अनास्था पर सवाल करना ठीक नहीं है, लेकिन अगर समय मिले तो पवित्र संगम और पुण्य धाम श्रृंगवेरपुर के भी दर्शन जरूर कीजिएगा. हो सकता है कि तब आप भी डबल इंजन सरकार के ‘विरासत के साथ विकास’ के संकल्प और उसके परिणामों को बेहिचक स्वीकार कर लें.


