लखनऊ. मायावती ने आकाश आनन्द की पार्टी में सक्रियता और आगामी कार्यक्रमों को लेकर बयान जारी किया है. मायावती के मुताबिक, अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के बाद आकाश आनन्द पार्टी और मूवमेन्ट के कार्यों को परिवार और रिश्ते-नातों से ऊपर प्राथमिकता देते हुए अपनी जिम्मेदारी निभाने में जुट गए हैं. उन्होंने कहा कि बहुजन समाज के लोगों को भी आकाश आनन्द से पूरी अपेक्षाएं हैं.

इसे भी पढ़ें- अब डुप्लीकेट मतदाता का खेल नहीं चलेगा! मतदाता सूची में गड़बड़ी की शिकायत के बाद प्रशासन की कार्रवाई, अखिलेश यादव ने दिया बड़ा बयान

मायावती ने बताया कि आकाश आनन्द आगामी 28 अक्टूबर 2026 को बुलन्दशहर, 2 नवम्बर को सहारनपुर, 20 नवम्बर को अयोध्या, 22 नवम्बर को आगरा और 29 नवम्बर 2026 को कानपुर नगर में बीएसपी द्वारा आयोजित जनसभाओं को सम्बोधित करेंगे. इसके अलावा, 26 नवम्बर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर पंजाब में बीएसपी द्वारा आयोजित विचार संगोष्ठी समारोह में आकाश आनन्द मुख्य अतिथि के रूप में अपने विचार व्यक्त करेंगे. वहीं, 6 दिसम्बर 2026 को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर उत्तराखण्ड के हरिद्वार जिले में आयोजित विचार संगोष्ठी समारोह-जनसभा को भी सम्बोधित करेंगे.

मायावती ने अपने बयान में कहा कि आकाश आनन्द के पार्टी और मूवमेन्ट के कार्यों में पूरी तरह सक्रिय होने से यह साबित होता है कि पिछले दिनों हुए अप्रिय घटनाक्रमों के लिए आकाश आनन्द से ज्यादा उनके रिश्तेदार अशोक सिद्धार्थ जिम्मेदार थे. इसी वजह से अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से बाहर करके राजनीति से भी संन्यास लेने की सलाह दी गई. उन्होंने पार्टी के लोगों को स्वार्थी तत्वों द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम से सावधान रहने की अपील की. साथ ही, आकाश आनन्द को सौंपे गए सभी पार्टी कार्यक्रमों को पूरे तन, मन और धन से सफल बनाने का आह्वान किया.

इसे भी पढ़ें- योगी सरकार में कोई सेफ नहीं! घर के बाहर बुलाकर बदमाशों ने अधिवक्ता पर किया जानलेवा हमला, ये ‘गुंडाराज’ नहीं तो और क्या ?

मायावती ने अशोक सिद्धार्थ की पार्टी में दोबारा वापसी की अटकलों को भी खारिज करते हुए कहा कि इन अफवाहों में रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है. अशोक सिद्धार्थ को किसी भी स्थिति में और किसी भी कीमत पर पार्टी में फिर से वापस नहीं लिया जाएगा. वहीं मायावती ने यह भी बताया कि आनन्द कुमार के छोटे बेटे ईशान आनन्द, जो लंदन से वकालत की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं, उनके दिशा-निर्देशन में बीएसपी के दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय में सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में सहयोग करेंगे. ईशान आनन्द खासकर पार्टी के चुनाव और अन्य कागजी कार्यों से संबंधित जिम्मेदारियों में सहयोग करेंगे.